यूपी के उन्नाव शहर कोतवाली के गांव रुस्तमपुर में घर के बरामदे में सो रहे वृद्ध की ईंट से कूंचकर हत्या कर दी गई। वृद्ध की चीख सुन छत पर सो रहा बेटा नीचे आया तो हत्यारे भाग निकले। पिता को लहूलुहान हालत में देख बेटे ने सूचना पुलिस को दी। पुलिस घायल को जिला अस्पताल लाई। यहां डाक्टर ने उसे मृत घोषित कर दिया।
रुस्तमपुर गांव निवासी गौरीशंकर भुर्जी (70) शनिवार रात घर में मुख्य दरवाजे के पास स्थित बरामदे में सो रहे थे। उसके साथ रहने वाले दो बेटों में सुरेश छत पर सो रहा था। जबकि महेश खेत में सब्जी की रखवाली करने गया था। अन्य परिजन घर के अंदर सो रहे थे। रात करीब डेढ़ बजे अज्ञात हमलावर बाउंड्री फांदकर घर के अंदर पहुंचे।
गौरीशंकर के सीने और गर्दन पर ईंट से वार किए। दाहिना हाथ भी तोड़ दिया। गौरीशंकर के चीखने पर छत पर सो रहा बेटा सुरेश जब तक नीचे आता हमलावर भाग निकले। बेटे महेश के मुताबिक उसके पिता या परिवार के किसी सदस्य की किसी से कोई रंजिश नहीं थी। महेश की तहरीर पर पुलिस ने लोगों के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज किया है। कोतवाल अरुण द्विवेदी ने बताया कि मुकदमा दर्ज कर घटना की जांच की जा रही है। जल्द ही घटना का खुलासा किया जाएगा।