कानपुर। बदलते मौसम में वायरल फीवर तेजी से फैल रहा है। नगरीय और ग्रामीण दोनों क्षेत्रों में बुखार के रोगी बढ़ रहे हैं। कुछ रोगियों के वायरल संक्रमण के बाद निमोनिया और सेप्टीसीमिया हो जा रहा है। शनिवार को एक रोगी की सेप्टीसीमिया से मौत हो गई। बुखार के 10 रोगी हैलट इमरजेंसी में भर्ती हुए हैं। सीबीसी जांच में रोगियों का प्लेटलेट्स काउंट कम आ रहा है लेकिन डेंगू की रिपोर्ट निगेटिव रहती है।
कल्याणपुर के रहने वाले जगराम (59) की वायरल फीवर के बाद निमोनिया और फिर सेप्टीसीमिया से मौत हो गई। उनका इलाज क्षेत्र के नर्सिंगहोम में चल रहा था। सांस लेने में दिक्कत होने पर उन्हें ऑक्सीजन पर रखा गया। रोगी के परिजन विनोद ने बताया कि बुखार के बाद सीने में जकड़न हो गई थी। जीएसवीएम मेडिकल कॉलेज के मेडिसिन विभागाध्यक्ष डॉ. बीपी प्रियदर्शी ने बताया कि औसत बुखार के औसत 10 रोगी प्रतिदिन भर्ती हो रहे। इनमें कुछ को निमोनिया भी हो जाता है। जांच में प्लेटलेट्स काउंट कम निकलता है।
इसके अलावा बिधनू क्षेत्र के रुस्तमपुर, बिठूर आदि क्षेत्रों के स्वास्थ्य केंद्रों पर पेट की समस्या के साथ वायरल फीवर के रोगियों की संख्या बढ़ रही है। बिधनू में बुखार के दो रोगियों की मौत हो चुकी है। सीएमओ डॉ. हरिदत्त नेमी ने बताया कि यह सीजनल बुखार है। जहां रोगी अधिक हैं, वहां शिविर लगाकर दवाएं वितरित की जा रही हैं।