नेटवर्क की समस्या से लंबे समय से परेशान ग्रामीण
हरदौली गांव के ग्रामीणों का कहना है कि मोबाइल टावर लगने के बाद भी नेटवर्क की स्थिति में अपेक्षित सुधार नहीं हुआ। मोबाइल पर कॉल करने और इंटरनेट चलाने में परेशानी बनी रहती है। नेटवर्क कमजोर होने के कारण ग्रामीणों को जरूरी कामों के लिए भी दिक्कतों का सामना करना पड़ता है।
ग्रामीणों की मांग थी कि संबंधित सिम कंपनी और उसके अधिकारी मौके पर पहुंचकर नेटवर्क की समस्या का स्थायी समाधान कराएं। उनका कहना था कि जब तक समस्या का समाधान नहीं होता, तब तक टावर कर्मी को नहीं छोड़ा जाएगा।
वीडियो वायरल होने के बाद मामला चर्चा में
घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद मामला चर्चा में आ गया। वायरल वीडियो में ग्रामीण टावर कर्मी को घेरे नजर आ रहे हैं। ग्रामीणों के बीच इस बात को लेकर भी नाराजगी थी कि लंबे समय से शिकायत के बावजूद नेटवर्क की समस्या का समाधान नहीं किया गया। इंटरनेट सेवा प्रभावित होने से मोबाइल पर ऑनलाइन गतिविधियों में भी परेशानी की बात ग्रामीणों ने कही।
पुलिस ने कहा- तहरीर नहीं मिली
घटना के संबंध में पुलिस ने अभी कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं की है। बिंदकी इंस्पेक्टर शैलेश सिंह ने बताया कि मामले में अभी कोई तहरीर नहीं मिली है। उन्होंने कहा कि घटना की जानकारी हुई है और मामले की जांच कर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।