फतेहपुर में खागा कोतवाली क्षेत्र के एक गांव में शनिवार रात घर की नींव खोदते समय दीवार गिरने से ग्रामीण की मौत हो गई। घटना से परिजनों में कोहराम मच गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
कोतवाली क्षेत्र के महिचा मंदिर चौकी अंतर्गत ब्राह्मणपुर गांव निवासी शिव बली द्विवेदी (48) पुत्र राम शंकर बीती रात घर की नींव खोद रहे थे। उसी समय बगल की दीवार गिर गई। दबकर शिवबली की मौत हो गई। घटना रात करीब 9 बजे की है।
परिजन आनन-फानन में उन्हें मलबे से बाहर निकाल कर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले गए। जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। शिव बली के तीन बेटे विवेक कुमार द्विवेदी, विकास व विपिन हैं। तहसीलदार शशिभूषण मिश्रा ने बताया कि सूचना मिलने पर क्षेत्रीय लेखपाल को जांच के लिए भेजा गया है।