ब्राह्मण महासभा के अध्यक्ष ने खुशी के परिजनों से की मुलाकात
- फोटो : अमर उजाला
अखिल भारतीय ब्राह्मण महासभा के राष्ट्रीय अध्यक्ष राजेंद्र नाथ त्रिपाठी रविवार को विकास दुबे के खास अमर दुबे की पत्नी खुशी के परिजनों से मिले। योगी सरकार को ब्राह्मण विरोधी बताते हुए खुशी के मुकदमे का खर्च उठाने का आश्वासन दिया।
राजेंद्र नाथ त्रिपाठी रविवार सुबह कल्याणपुर स्थित खुशी के मायके पहुंचे। खुशी के परिजनों से अब तक की कार्रवाई के बारे में जानकारी ली। खुशी के माता-पिता से कहा कि महासभा अपने खर्चे पर खुशी का मुकदमा लड़ेगी और उसे न्याय दिलाएगी। कहा कि बीजेपी सरकार प्रतिशोध की भावना से काम कर रही है। इसके बाद वे महोबा में क्रशर कारोबारी इंद्रजीत त्रिपाठी के परिजनों से मिलने के लिए रवाना हो गए।
29 जून को हुई थी शादी, नौ जुलाई को हुई थी गिरफ्तारी
अमर दुबे की शादी 29 जून को कल्याणपुर के रतनपुर निवासी श्यामलाल तिवारी की बेटी खुशी से हुई थी। खुुुशी की शादी के तीन दिन बाद ही दो जुलाई को बिकरू कांड हो गया। पुलिस साजिश में शामिल होने का आरोप लगाकर खुशी को नौ जुलाई को जेल भेज दिया था। दो सितंबर को किशोर न्याय बोर्ड ने उसे नाबालिग करार दिया। इसके बाद उसे एक सप्ताह पहले कानपुर देहात जेल से बाराबंकी के बालिका संप्रेक्षण गृह भेज दिया गया।