बिकरू कांड में सीबीआई जांच भी शुरू हो सकती है। दरअसल, केंद्र सरकार से मामले में सीबीआई जांच कराने की सिफारिश की गई थी। इस पर केंद्र सरकार के कार्मिक मंत्रालय ने उत्तर प्रदेश सरकार से मामले की आख्या मांगी है। साथ ही अब तक की कार्रवाई का ब्योरा भी तलब किया है।
बिकरू कांड के बाद अधिवक्ता सौरभ भदौरिया ने विकास दुबे, जय बाजपेई समेत उसके गुर्गों पर गंभीर आरोप लगाए थे। इसमें तमाम पुलिसकर्मी, प्रशासनिक अफसरों के भी नाम शामिल हैं। इसकी शिकायत केंद्रीय कार्मिक मंत्रालय, लोक शिकायत व पेंशन मंत्रालय में लिखित रूप से की गई थी।
कार्मिक मंत्रालय के सचिव एसपी त्रिपाठी ने उत्तर प्रदेश के मुख्य सचिव को पत्र भेजा है। सीबीआई जांच को लेकर मामले में आख्या मांगी है। यह भी पूछा है कि प्रदेश सरकार के स्तर पर इसमें अब तक क्या-क्या कार्रवाई की गई है। अधिवक्ता ने बताया कि शिकायत के दौरान उन्होंने आरोपों के संबंध में साक्ष्य भी भेजे थे। उधर आईबी ने अधिवक्ता को अप्रैल के पहले सप्ताह में बयान दर्ज कराने बुलाया है।