फतेहपुर जिले में खागा विधायक के अंगरक्षक हेड कांस्टेबल की पिस्टल चोरी का पुलिस ने खुलासा किया है। पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी के पास से पिस्टल, कारतूस और एक बाइक बरामद की है। आरोपी चोरी लूट के मामले में पहले भी जेल जा चुका है। आरोपी ने कबूला कि उसने पिस्टल बहन की हत्या के लिए चुराई थी।
पुलिस लाइन में एसपी राजेश कुमार सिंह ने बताया कि सात जून की रात राधानगर थाना क्षेत्र के गंगा नगर कालोनी में सुरेश शुक्ला के मकान में चोरी हुई थी। चोर उनके घर में किराये में रहने वाले हेड कांस्टेबल धर्मेंद्र कुमार की सरकारी पिस्टल और 30 कारतूस चुरा ले गए थे। घटना के खुलासे के लिए स्वाट टीम और राधानगर पुलिस को लगी थी। राधानगर थाना प्रभारी राजकिशोर, उपनिरीक्षक प्रवीण यादव और स्वाट टीम ने क्षेत्र के 20 सीसीटीवी कैमरे खंगाले। कैमरे में एक संदिग्ध बाइक से कई बार आता-जाता दिखाई दिया।