पनकी चौकी के पास पुलिया बनाने के लिए पीडब्ल्यूडी ने कराया डायवर्जन
- फोटो : अमर उजाला
कानपुर के कल्याणपुर-पनकी रोड पर शुक्रवार से वाहनों का आवागमन बंद कर दिया गया। निर्माणाधीन रोड पर पुलिस चौकी के सामने पुलिया का निर्माण होना है। इसके चलते ही पीडब्ल्यूडी ने सभी तरह के वाहनों के लिए रूट डायवर्जन लागू किया है। यह व्यवस्था करीब 20 दिनों तक रहेगी।
इस दौरान भाटिया तिराहा, कालपी रोड से कल्याणपुर आने वाले भारी और बड़े वाहन चौकी से पहले दाहिनी ओर बनी डबल रोड के जरिए बगिया क्रासिंग होकर जीटी रोड पहुंच सकेंगे। छोटे वाहन आसपास की सड़कों के जरिए आवागमन करेंगे। पीडब्ल्यूडी कल्याणपुर क्रासिंग से लेकर भाटिया तिराहा, पनकी तक छह किलोमीटर लंबी रोड का सीसी निर्माण कर रहा है।
रोड का निर्माण लगभग पूरा हो चुका है। इसके बीच पड़ने वाली एक पुलिया का निर्माण होना है। इसके लिए शुक्रवार को काम शुरू कराया गया। पीडब्ल्यूडी के अधिशासी अभियंता एसपी ओझा ने बताया कि पुलिया का निर्माण जल्द कराने के निर्देश दिए गए हैं।
मिट्टी डालकर बंद किया रास्ता
दो साल पहले रोड की एक अन्य पुलिया बनाने के लिए पीडब्ल्यूडी ने रूट डायवर्जन लागू कराया था। तब देर रात कालपी रोड से गुजरने वाले भारी वाहनों के कारण काम प्रभावित हुआ था और ताजी बनी सड़क भी उखड़ने लगी थी। वाहन चालकों ने बैरिकेडिंग भी तोड़ दी थी। इससे सबक लेते हुए इस बार पुलिया से दोनों ओर करीब 15 मीटर की दूरी तक मिट्टी के टीले बनाकर सड़क बंद की गई है।