राजपुर। थाना क्षेत्र के सिकंदरा मार्ग पर नगर पंचायत कार्यालय के पास बुधवार को महिला को वाहन ने टक्कर मार दी। जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गई। परिजन उन्हें लेकर राजपुर पीएचसी आए। वहां डॉक्टर ने उसे मृत घोषित कर दिया।
जालौन जिले के आटा थाना के इटौरागुरु निवासी रघुवीर ने बताया कि बड़े भाई जगराम फालिस की बीमारी से पीड़ित हैं। वह बुधवार सुबह बाइक से भाभी देवेंद्री (42), भाई जगराम को साथ लेकर इलाज कराने औरैया जिले के बिधूना जा रहे थे। रास्ते में राजपुर थाना के नगर पंचायत कार्यालय के पास भाभी को लघुशंका लगी तो बाइक रोक दी। लघुशंका कर वह सड़क पार करके वापस आ रही थीं तभी वाहन ने उन्हें टक्कर मार दी। जिससे वह गंभीर घायल हो गईं और अस्पताल में इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई।
भाई जगराम खेतीबाड़ी से परिवार का भरण-पोषण करते है। अनहोनी से बेटी राजकुमारी, आरती, राधा व बेटा सोनू रो-रोकर बदहवास हैं। राजपुर थानाध्यक्ष कालीचरन कुशवाहा ने बताया कि सड़क हादसे में महिला की मौत हुई है। परिजन द्वारा तहरीर मिलते ही आरोपी वाहन चालक पर रिपोर्ट दर्ज कर तलाश की जाएगी।