कानपुर देहात। अकबरपुर के एक निजी अस्पताल में मरीज की संदिग्ध हालात में मौत हो गई। इसके बाद परिजनों ने अस्पताल के बाहर हंगामा शुरू कर दिया। परिजनों का आरोप है कि अस्पताल में गलत उपचार के चलते युवक की मौत हो गई इसके बाद भी उसे एंबुलेंस से कानपुर भेज दिया।
रूरा थाना क्षेत्र के सुमेरपुर हंसपुर गांव निवासी दिनेश सिंह (22) को परिवारीजनों ने पैर में पड़ी रॉड निकलने के लिए अकबरपुर कोतवाली के पास एक निजी अस्पताल में 19 जुलाई को भर्ती कराया था। 20 जुलाई को ऑपरेशन किया गया, तब तक सब कुछ ठीक ठाक रहा। इसके बाद शुक्रवार को अचानक संदीप की तबियत बिगड़ने लगी।
इस पर अस्पताल प्रशासन ने एंबुलेंस से कानपुर ले जाने की बात कही। इस दौरान युवक की मौत हो गई। इसकी जानकारी पर परिजनों ने अस्पताल प्रशासन पर गलत उपचार का आरोप लगाया है। इसके बाद परिजनों ने जमकर हंगामा किया। सूचना के बाद पुलिस बल के साथ कोतवाल तुलसीराम पांडेय मौके पर पहुंचे और जांच के बाद कार्रवाई का भरोसा दिया। कोतवाल तुलसीराम पांडेय ने बताया कि मामले में दोनों पक्षों ने समझौता कर लिया।