घाटमपुर/सजेती। निर्माणाधीन पॉवर प्लांट में निर्माण कार्य के दौरान पिलर टूटकर गिरने से मजदूर की मौत पर साथी मजदूरों ने हड़ताल कर मुआवजे की मांग कर हंगामा किया। मजदूर का आक्रोश देखकर निर्माण करा रही कंपनी के अधिकारियों के हाथ पांव फूल गए। सूचना पर पुलिस बल के साथ पहुंचे एसडीएम ने मुआवजे का आश्वासन देकर मजदूरों को शांत कराया।
यमुना तटवर्ती क्षेत्र में एलएंडटी कंपनी द्वारा नेयवेली पॉवर प्लांट में निर्माण कराया जा रहा है। मंगलवार रात पंजाब के गुरुदासपुर जिले के गांव मनेस निवासी केवल सिंह (41) पुत्र महेंद्र सिंह साइट पर करीब 12 मीटर ऊंचे टावर पर चढ़कर काम कर रहा था। देर शाम अचानक नट टूटने पर पिलर के साथ फर्श पर गिरा केवल सिंह गंभीर रूप से घायल हो गया था। हैलट में इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई थी। बुधवार को साथी मजदूर की मौत पर आक्रोशित मजदूरों ने हड़ताल कर प्रशासनिक भवन के बाहर विरोध प्रदर्शन कर हंगामा किया था। इस बीच बारिश शुरू होने पर सभी मजदूर अपने आवासों पर लौट गए थे।
गुरुवार को फिर मांगाें को लेकर काम ठप कर हड़ताल कर दी और घटना पर आक्रोश जताकर हंगामा करते हुए मुआवजे की मांग करने लगे। गुरुवार को हड़ताल और मजदूरों का आक्रोश देखकर कंपनी प्रबंधन ने परिसर में तैनात सीआईएसएफ के अलावा सजेती थाना पुलिस को सूचना देकर बुला लिया था। एनयूपीपीएल के उप महाप्रबंधक (एचआर) पंकज कुमार ने बताया कि मृतक मजदूर के आश्रितों को नियमानुसार मुआवजा देने व रखी गई मांगों पर विचार करने को निर्माण कर रही कंपनी से कहा गया है। उन्होंने मजदूरों की हड़ताल से इनकार कर बताया कि आज कंपनी ने खुद ही काम बंद रखा था।