घटना के बाद मौके पर मौजूद पुलिस फोर्स
- फोटो : amar ujala
कोरोना का कहर आम आदमी के मन व मस्तिष्क पर बुरी तरह से हावी हो चुका है। रविवार को तांत्रिक बृजमोहन (38) ने कोरोना की आशंका जताते हुए फांसी लगाकर जान दे दी। सोमवार सुबह उसका शव घर के बाहर दुकान की खूंटी से लटका मिला।
मौके से मिले सुसाइड नोट में लिखा है-साहब हमें कोरोना होने की आशंका है, इसलिए आत्महत्या कर रहा हूं...। शहर के मोहल्ला नरायनपुर स्थित एक गेस्ट हाउस के पास रहने वाले हेतराम का बेटा बृजमोहन का शव सुबह लगभग पांच बजे घर के बाहर दुकान की खूंटी में गमछे के सहारे लटका मिला।
सूचना पर पहुंची पुलिस को घर का दरवाजा बंद मिला। पुलिस ने शव को फंदे से नीचे उतारा। घर की कुंडी खटखटाने पर परिजन बाहर आए। मौके पर पहुंची फोरेंसिक टीम ने घटना स्थल से साक्ष्य जुटाए।
पुलिस ने बृजमोहन के पास से सुसाइड नोट भी बरामद किया। कोतवाली प्रभारी, औरैया को संबोधित पत्र में बृजमोहन ने लिखा है कि आशंका है कि मुझे कोरोना हो गया है। इस कारण मैं आत्महत्या कर रहा हूं।
कृपया मेरे परिवार वालों को परेशान न किया जाएगा। बकेवर, इटावा के जैतपुर निवासी बृजमोहन के ससुर राधेश्याम ने थाने में तहरीर दी। पुलिस मामले की जांच कर रही है। इधर, आसपास के लोगों ने बताया कि बृजमोहन तांत्रिक का काम करता था।
उसके दो बच्चे अंश (5) व वंश (3) हैं। मामले में एएसपी कमलेश दीक्षित ने बताया कि मौके पर मिले सुसाइड नोट के बावजूद पुलिस हर बिन्दु पर जांच कर रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने का भी इंतजार है।