कानपुर। उत्तर प्रदेश टी-20 लीग के चौथे सीजन का आगाज 14 अगस्त से होगा। कानपुर सुपर स्टार टीम का पहला मुकाबला 15 अगस्त को नोएडा सुपर किंग्स से होगा। टीम की कप्तानी आईपीएल में दिल्ली कैपिटल्स का हिस्सा रहे युवा बल्लेबाज समीर रिजवी को सौंपी गई है जबकि नोएडा सुपर किंग्स की कमान अनुभवी अंतरराष्ट्रीय तेज गेंदबाज भुवनेश्वर कुमार के हाथों में होगी।
इस सीजन में कानपुर सुपर स्टार नौ लीग मुकाबले खेलेगी। टीम में युवा प्रतिभाओं और अनुभवी खिलाड़ियों का संतुलित संयोजन नजर आ रहा है। बल्लेबाजी की जिम्मेदारी कप्तान समीर रिजवी के साथ आदर्श सिंह, मोहम्मद अमान, प्रियांशु पांडेय, यशोवर्धन सिंह, शक्ति वर्मा और शुभम मिश्रा पर रहेगी। आदर्श सिंह और मोहम्मद अमान घरेलू अंडर-19 और 23 क्रिकेट में प्रभावशाली प्रदर्शन कर चुके हैं जबकि यशोवर्धन सिंह और शक्ति वर्मा ने विभिन्न प्रतियोगिताओं में अपनी उपयोगिता साबित की है।
गेंदबाजी में सबसे बड़ी उम्मीद आईपीएल में अपनी गति और धारदार गेंदबाजी से पहचान बना चुके मोहसिन खान से होगी। उनका साथ आकिब खान, शिवम बंसल, विनीत पनवार और पंकज कुमार देंगे। इसके अलावा अनुभवी स्पिनर कर्ण शर्मा भी टीम के लिए अहम भूमिका निभाएंगे।
पिछले तीन सत्रों के अनुभव से सीख लेते हुए कानपुर सुपर स्टार इस बार बेहतर रणनीति और संतुलित संयोजन के साथ मैदान में उतरेगी। मुख्य कोच ज्ञानेंद्र पांडेय के मार्गदर्शन में टीम खिताब जीतने के लक्ष्य के साथ तैयारी कर रही है। टीम प्रबंधन को भरोसा है कि युवा खिलाड़ियों के उत्साह और अनुभवी खिलाड़ियों के अनुभव के दम पर इस बार कानपुर सुपर स्टार ट्रॉफी की मजबूत दावेदार साबित होगी।
कानपुर सुपर स्टार टीम
समीर रिजवी, आकिब खान, आदर्श सिंह, अजय कुमार, अर्जुन कुमार सिंह, इंजमाम हुसैन, कर्ण शर्मा, मो. अमान, मोहसिन खान, पंकज कुमार, प्रियांशु पांडेय, सौभाग्य मिश्रा, सत्यम, शक्ति वर्मा, शिवम बंसल, शुभम मिश्रा, विनीत पनवार और यशोवर्धन सिंह।
कानपुर सुपर स्टार के लीग मुकाबले
15 अगस्त - नोएडा सुपर किंग्स
16 अगस्त - काशी रुद्रास
20 अगस्त - काशी रुद्रास
21 अगस्त - लखनऊ फाल्कंस
22 अगस्त - मेरठ मेवरिक्स
25 अगस्त - मेरठ मेवरिक्स
26 अगस्त - गोरखपुर लायंस
29 अगस्त - नोएडा सुपर किंग्स
31 अगस्त - गोरखपुर लायंस