मैच के किराये की गेंद अब कैबिनेट के पाले में
यूपी टी-20 लीग के मुकाबलों के लिए मैच फीस की गेंद अब कैबिनेट के पाले में चली गई है। 33 मैचों के लिए यूपीसीए को 10 करोड़ 31 लाख 25 हजार रुपये देने पड़ेंगे या खेल प्रोत्साहन के नाम पर इसे माफ अथवा कम किया जाएगा, इसका फैसला कैबिनेट की बैठक में होगा। ऐसा इसलिए करना पड़ रहा है क्योंकि खेल विभाग का यूपीसीए के साथ करार है। करार की शर्तों के तहत अब इस पर खेल सचिव नहीं कैबिनेट फैसला लेगी।
तीन नंबर पिच पर होगा पहला मुकाबला
यूपी टी-20 लीग के लिए ग्रीनपार्क में शुक्रवार को फ्लड लाइन की टेस्टिंग का काम शाम सात बजे से रात 10 बजे तक चलता रहा। पिच क्यूरेटर शिव कुमार की देखरेख में कर्मचारियों ने मैदान की घास को बराबर किया। ग्रीनपार्क में पिच नंबर तीन, चार, पांच, छह व सात पर मैच खेले जाएंगे। संभावना है कि पिच नंबर तीन पर पहला मुकाबला कानपुर सुपर स्टार्स बनाम नोएडा सुपर किंग्स के बीच होगा। वहीं, तैयारियों को लेकर जिला प्रशासन की यूपीसीए व अन्य विभागों के साथ बैठक ग्रीनपार्क में शनिवार शाम 5:30 बजे से होगी।