महिला स्टेनो नेहा की फाइल फोटो
- फोटो : संवाद न्यूज एजेंसी
सीनियर डिवीजन सिविल जज की कोर्ट में तैनात महिला स्टेनो नेहा की कॉल डिटेल रिपोर्ट में कई संदिग्ध नंबर मिले हैं। पुलिस घटना की तह तक जाने के लिए उनको खंगाल रही है। इन नंबरों में से कुछ ने 18 अक्तूबर को कॉल की थी। इसी दिन उन्होंने कचहरी की छठवीं मंजिल से कूदकर जान दे दी थी। नेहा के सोशल मीडिया अकाउंट की भी जांच की जा रही है।
मूलरूप से घाटमपुर निवासी नेहा (25) ने 18 अक्तूबर की दोपहर कचहरी की छठवीं मंजिल की छत से कूदकर जान दे दी थी। परिजनों ने पेशकार और चपरासी पर बेटी को प्रताड़ित करने के आरोप लगाए थे। कोतवाली पुलिस ने पेशकार की ओर से अज्ञात के खिलाफ आत्महत्या के लिए उकसाने की रिपोर्ट दर्ज की है। कोतवाली पुलिस ने मंगलवार को नेहा की कॉल डिटेल रिपोर्ट की जांच की जिसमें कुछ संदिग्ध नंबर मिले हैं।
यह नंबर किसके हैं इसकी जानकारी जुटाई जा रही है। कूदने से पहले नेहा कुछ परेशान और घबराई हुई थीं। इसका जिक्र उनकी मां और पिता ने अपने बयान में किया है। पुलिस को आशंका है कि शायद कोई उनको धमका या परेशान कर रहा था। कोतवाली इंस्पेक्टर जगदीश प्रसाद पांडेय ने बताया कि नेहा की सीडीआर में मिले नंबरों की जांच कराई जा रही है। उनके सोशल मीडिया अकाउंट को भी देखा जा रहा है।