Kanpur News: ग्रीन पार्क का ड्रेनेज सिस्टम, दर्शक क्षमता बढ़ाने के लिए सांसद रमेश अवस्थी खेल मंत्री से मिले और पत्र सौंपा। मंत्री गिरीश चंद्र यादव ने कहा कि जल्द ही सरकार की ओर से कार्ययोजना तैयार की जाएगी।
ग्रीन पार्क स्टेडियम के खराब ड्रेनेज सिस्टम को लेकर सांसद रमेश अवस्थी ने रविवार को महानगर आए प्रदेश सरकार के खेल एवं युवा कल्याण विभाग मंत्री गिरीश चंद्र यादव से सर्किट हाउस में मुलाकात किया। सांसद ने खेल मंत्री को पत्र देते हुए बताया कि स्टेडियम के खराब ड्रेनेज सिस्टम की वजह से पिछले दिनों यहां हुए भारत-बाग्लादेश टेस्ट मैच में बाधा आई थी। मंत्री ने आश्वस्त किया कि जल्द ही स्टेडियम को ठीक करने के लिए कार्ययोजना तैयार की जाएगी।
विज्ञापन
सांसद ने बताया कि ग्रीन पार्क एक अंतरराष्ट्रीय स्टेडियम है। इसकी दर्शक क्षमता पूर्व में 45 हजार हुआ करती थी जो रखरखाव व समुचित व्यवस्था न होने कारण घटकर 20 हजार रह गई। यह अंतरराष्ट्रीय मैच के मानकों के अनुसार बहुत कम है। कहा कि वर्तमान में लगभग 30 हजार सिटिंग क्षमता बढ़ाए जाने के लिए निर्माण की आवश्यकता है, जिससे दर्शक दीर्घा की क्षमता 50 हजार तक हो सके, तब जाकर अंतरराष्ट्रीय स्तर के मानकों के अनुसार क्रिकेट मैच में वनडे आईपीएल टी 20 मैच आयोजित कराए जा सकेंगे। सांसद ने खेल मंत्री को बताया कि यहां बने मीडिया सेंटर का भी नवीनीकरण किए जाने के आवश्यकता है। इस बीच खेल मंत्री गिरीश यादव ग्रीनपार्क स्टेडियम जाकर परिसर में बन रहे छात्रावास का निरीक्षण भी किया।