घटना के बाद मौके पर मौजूद पुलिस फोर्स
- फोटो : amar ujala
औरैया के सहार में प्रेम-प्रसंग में प्रेमी की हत्या कर शव पेड़ से लटका दिया गया। प्रेमी की मौत की सूचना मिलते ही प्रेमिका ने घर में फांसी लगाकर जान दे दी। सूचना पर पहुंची पुलिस और फॉरेंसिक टीम ने जांच पड़ताल की। परिजन एसपी को मौके पर बुलाने की मांग पर अड़े हैं।
बेला थाना क्षेत्र के सहार चौकी अंतर्गत पटना गांव निवासी हिमांशु (20) पुत्र अशोक कुमार दोहरे बिधूना से आईटीआई कर रहा था। उसका गांव की रहने वाली पिंकी(18) पुत्री रत्नेश दोहरे से प्रेम प्रसंग हो गया। इसकी जानकारी जब पिंकी के परिजनों को हुई तो उन्होंने आपत्ति की।
लड़की पक्ष की शिकायत पर गुरुवार को गांव पहुंची पुलिस ने हिमांशु को फटकार लगाई। इसके बाद से हिमांशु लापता हो गया था। शुक्रवार सुबह ग्रामीणों ने गांव से लगभग एक किमी दूर बबूल के पेड़ में हिमांशु का शव लटका देखा तो गांव आकर सूचना दी। इस पर परिजन पहुंचे।
शव ड्रेसिंग करने वाली पट्टी से लटक रहा था। पैर मुड़े हुए थे। शरीर पर भी चोट के निशान बताए जा रहे हैं। दूसरी तरफ प्रेमी की मौत की सूचना मिलने के बाद पिंकी ने भी घर में फांसी लगाकर जान दे दी। पुलिस और फॉरेंसिक टीम गांव पहुंची और साक्ष्य इकट्ठा किए। परिजन एसपी सुनीति को मौके पर बुलाने पर अड़े हैं।