सोमवार को शहर के मतदान केंद्रों पर बढ़चढ़कर मतदान करने की प्रशासन की अपील के बीच वेट बल्ब तापमान के माहौल में एहतियात बरतना भी जरूरी है। स्वास्थ्य विशेषज्ञों ने इस मौसम में सतर्कता बरतने की अपील की है। कहा गया है कि इस मौसम में जरा सी तपिश से अधिक गर्मी लगती है। इसके अलावा शरीर में पानी और नमक की कमी से उलझन, चिड़चिड़ापन, चक्कर और बेहोशी आ सकती है।
ऐसे में मतदान करने के लिए जाने से पहले घर से खूब पानी पीकर निकलें। साथ ही अंगोछा या सिर ढकने के लिए कोई कपड़ा साथ जरूर रखें। जीएसवीएम मेडिकल कॉलेज के मेडिसिन के प्रोफेसर डॉ. विशाल कुमार गुप्ता का कहना है कि ऐसे माहौल में हीट एग्जॉर्शन हो सकता है। पसीना अधिक निकलने से शरीर में पानी और नमक की कमी हो जाती है। ऐसे में धूप में चक्कर आ सकता है। जो पहले से रोगी हैं, वे अपनी दवा लेकर बाहर जाएं। अगर दिक्कत होती है तो डॉक्टर से संपर्क कर लें।