UP Lok Sabha Election 2024: निर्वाचन आयोग ने फोटोयुक्त 11 आईडी में से किसी एक से भी वोट डालने का अधिकार दिया है। पर्ची नहीं है तो भी आईडी दिखाकर मतदान कर सकेंगे। मतदाता सूची में नाम होना जरूरी है।
अगर आपके पास वोटर कार्ड नहीं है तो परेशान होने की जरूरत नहीं है। निर्वाचन आयोग ने फोटोयुक्त 11 आईडी में से किसी भी एक आईडी से वोट डालने का अधिकार दिया है। इसके अलावा मतदाता पर्ची नहीं आई तो भी आप वोट डाल सकते हैं। इसके लिए आपको मतदान केंद्र पहुंचकर वहां रखी मतदाता सूची में अपना नाम देखना होगा। नाम होगा तो आप आईडी दिखाकर मतदान कर सकते हैं।
विज्ञापन
इनमें से कोई एक भी आईडी होगी मान्य
आधार कार्ड, मनरेगा जॉब कार्ड, बैंक और डाकघर की फोटो युक्त पासबुक, श्रम मंत्रालय की योजना के तहत जारी स्वास्थ्य बीमा स्मार्ट कार्ड, ड्राइविंग लाइसेंस, पैन कार्ड, आरबीआई से जारी स्मार्ट कार्ड, पासपोर्ट, फोटो युक्त पेंशन दस्तावेज, सांसदों, विधायकों की ओर से जारी पहचान पत्र, सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्रालय या पब्लिक लिमिटेड कंपनियों द्वारा कर्मचारियों को जारी फोटोयुक्त पहचान पत्र।
200 मीटर पहले खड़े करने होंगे वाहन
मतदाता अपने वाहन से वोट डालने जा सकेंगे। उन्हें केंद्र से दो सौ मीटर दूर वाहन खड़े करने होंगे। प्रत्याशी और समर्थक अपने वाहनों से मतदाताओं को नहीं ले जा सकेंगे।
विज्ञापन
Trending Videos
मोबाइल पर रोक... कहीं गिरा न दे मतदान प्रतिशत
जिला निर्वाचन अधिकारी राकेश सिंह के निर्देश हैं कि मतदाता बूथ के अंदर मोबाइल नहीं ले जा सकेंगे। उनका कहना हैं कि फोन स्विच ऑफ करके भी नहीं ले जा सकते हैं। मतदान केंद्र के बाहर गेट पर बैठे कर्मी को मोबाइल सौंपना होगा। जिला प्रशासन के इस निर्देश से मतदान प्रतिशत पर भी असर पड़ सकता है। हो सकता है अकेले मतदान करने आया मतदाता मोबाइल इधर-उधर रखने में घबराए और बगैर वोट डाले ही चला जाए।
पहले होगा मॉक मतदान
हर बार की तरह इस बार भी मतदान के दिन सुबह सात बजे से पहले 50-50 मॉक मतदान कराए जाएंगे। मतदान केंद्रों पर मौजूद सभी दलों के प्रत्याशियों के मतदान अभिकर्ताओं से भी मॉक मतदान कराया जाएगा। सभी के संतुष्ट होने पर मतदान शुरू कराया जाएगा।
हर विधानसभा में तीन मॉडल बूथ
सोमवार सुबह सात बजे मॉक पोल के बाद मतदान शुरू हो जाएगा। हर विधानसभा क्षेत्र में तीन-तीन मॉडल बूथ के साथ ही एक-एक यूथ और दिव्यांग बूथ भी बनाया गया है। दो महिला पिंक बूथ भी हैं। संवेदनशील बूथ- 895 सेक्टर मजिस्ट्रेट- 276 जोनल मजिस्ट्रेट-44
मतदान स्थल पर स्वास्थ्य संबंधी समस्या हो तो कंट्रोल रूम को करें फोन
मतदान केंद्रों पर किसी को भी स्वास्थ्य संबंधी समस्या हो तो कंट्रोल रूम के नंबर 9415576825 पर कॉल कर मदद ले सकते हैं। इसके अलावा एंबुलेंस की सेवा के लिए 7705801461, 7081111314 पर संपर्क किया जा सकता है। सभी बूथों पर करीब 4000 मेडिकल किट दी गई हैं। एसीएमओ डॉ. सुबोध प्रकाश ने बताया कि सभी सीएचसी व पीएचसी केंद्रों में डॉक्टर व स्टाफ की टीमें तैनात रहेंगी। उर्सला अस्पताल में कंट्रोल रूम बनाया गया है, जिसका मोबाइल नंबर 9335301096, 9839260724 है।
उर्सला में दोपहर 12 बजे तक चालू रहेगी ओपीडी
मतदान के चलते उर्सला अस्पताल में दोपहर 12 बजे तक ही ओपीडी चलेगी। इसके अलावा इमरजेंसी सुविधाएं चालू रहेंगी। मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. शैलेंद्र तिवारी ने बताया कि आकस्मिक स्थिति से निपटने के लिए ऑर्थो व जनरल ओटी को आरक्षित किया गया है। डफरिन महिला चिकित्सालय और केपीएम में भी दोपहर 12 बजे तक ओपीडी चालू रहेगी।
हैलट में बंद रहेगी ओपीडी
हैलट अस्पताल में मतदान को लेकर सोमवार को ओपीडी बंद रहेगी। बाकी इमरजेंसी सुविधाएं चालू रहेंगी। प्रमुख चिकित्सा अधीक्षक डॉ. आरके सिंह ने बताया कि मतदान के दौरान किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए डॉक्टरों की टीम तैनात रहेगी।