सोमवार को शहर के मतदान केंद्रों पर बढ़चढ़कर मतदान करने की प्रशासन की अपील के बीच वेट बल्ब तापमान के माहौल में एहतियात बरतना भी जरूरी है। स्वास्थ्य विशेषज्ञों ने इस मौसम में सतर्कता बरतने की अपील की है। कहा गया है कि इस मौसम में जरा सी तपिश से अधिक गर्मी लगती है। इसके अलावा शरीर में पानी और नमक की कमी से उलझन, चिड़चिड़ापन, चक्कर और बेहोशी आ सकती है।
ऐसे में मतदान करने के लिए जाने से पहले घर से खूब पानी पीकर निकलें। साथ ही अंगोछा या सिर ढकने के लिए कोई कपड़ा साथ जरूर रखें। जीएसवीएम मेडिकल कॉलेज के मेडिसिन के प्रोफेसर डॉ. विशाल कुमार गुप्ता का कहना है कि ऐसे माहौल में हीट एग्जॉर्शन हो सकता है। पसीना अधिक निकलने से शरीर में पानी और नमक की कमी हो जाती है। ऐसे में धूप में चक्कर आ सकता है। जो पहले से रोगी हैं, वे अपनी दवा लेकर बाहर जाएं। अगर दिक्कत होती है तो डॉक्टर से संपर्क कर लें।
न्यूरो, गुर्दा और लिवर के रोगी खासतौर पर एहतियात बरतें। गुर्दा रोगी डॉक्टर के मशविरे के मुताबिक पानी लें। हो सके तो सुबह या फिर शाम के समय जाकर मतदान करें। दोपहर में बाहर न निकलें। विशेषज्ञों का कहना है कि बाहर निकलने पर पानी की बोतल साथ रखें। बीच-बीच में पानी पी सकते हैं। इससे बाहर निकलने पर कोई दिक्कत नहीं होगी। हल्का और सादा खाना खाकर बाहर निकलें।
जरूरत पर डायल करें 108
अगर मतदान करने जाते या लौटते वक्त किसी की तबीयत बिगड़ती है तो वह 108 नंबर डायल कर सकता है। अगर मतदान स्थल पर बिगड़ती है तो वहां के पीठासीन अधिकारी से संपर्क करें। पीठासीन अधिकारियों के पास आपात स्वास्थ्य सेवा के नंबर उपलब्ध रहेंगे। एंबुलेंस सेवा के प्रोग्राम मैनेजर अंकित वर्मा ने बताया कि 77 एंबुलेंस वाहन मतदान के दौरान मुस्तैद रहेंगे। इन वाहनों को कंट्रोल रूम और थानों पर स्टेशन किया गया गया है। मतदान के बाद पांच एंबुलेंस वाहन गल्ला मंडी में रहेंगे।