हरदोई जिले के संडीला कोतवाली क्षेत्र के गांव आटामऊ में पूर्व प्रधान पिता की हत्या का बदला लेने के लिए बेटों ने साथियों संग मिलकर हत्यारोपी के पुत्र को दौड़ाकर गोलियां मार दीं। मौके पर ही उसकी मौत हो गई।
पुलिस और फोरेंसिक टीम ने घटनास्थल पर जाकर जांच की। मृतक के भाई की तहरीर पर पुलिस ने छह लोगों के खिलाफ हत्या की रिपोर्ट दर्ज की है। आटामऊ निवासी यूनुस (35) पुत्र हामिद दूधिया था।
रविवार सुबह वह गांव से बाइक से लखनऊ के मॉल स्थित डेयरी जा रहा था। गांव से लगभग दो किलोमीटर दूर आटामऊ-पहतोईया मार्ग पर हमलावरों ने यूनुस की बाइक गिरा दी। यूनुस ने भागने की कोशिश की, तो उसे दौड़ा लिया।
एक बाग की पगडंडी पर यूनुस पर ताबड़तोड़ गोलियां बरसाकर हत्यारे भाग गए। यूनुस ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। आसपास के खेतों में काम कर रहे लोगों ने घटना की जानकारी पुलिस को दी।