कानपुर के अलग-अलग थाना क्षेत्रों में 11वीं छात्रा समेत तीन लोगों की मौत हो गई। एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। कैंसर से पीड़ित कल्याणपुर के शारदा नगर निवासी कोचिंग संचालक अशोक शुक्ला का जून में निधन हो गया था। परिवार में पत्नी अनुराधा, दो जुड़वा बेटियां स्वाती (17) व शांभवी हैं।
सोमवार करीब साढ़े आठ बजे कोचिंग से घर लौटते समय काकादेव में अनुराग हॉस्पिटल के पास स्वाती को डंपर ने कुचल दिया। मौके पर ही उसकी मौत हो गई। चालक वाहन छोड़कर भाग गया। महाराजपुर थाना क्षेत्र के प्रेमपुर गांव के पास रूमा हाईवे पर रविवार को पिकअप की टक्कर से घायल बाइक सवार कैड़िहा, औंग (फतेहपुर) निवासी जय नारायण (35) की सोमवार को हैलट में मौत हो गई।
वह महाराजपुर में मजदूरी करता था। परिवार में पत्नी विमला और दो बेटे बेटियां है। हादसे में ठेकेदार पुनीत गंभीर रूप से घायल हो गया था। पुलिस ने पिकअप को कब्जे में लिया है। सोमवार देर रात सचेंडी हाईवे पर अज्ञात वाहन की टक्कर से बदायूं के बिलसी रोड निवासी अर्पण माहेश्वरी (30) की मौत हो गई।
बीस दिनों से मानसिक रूप से परेशान अर्पण दो दिन पहले पिता अनिल कुमार, भाई ऋषभ और मामा राजू के साथ डॉक्टर को दिखाने रामादेवी आया था। इसी दौरान वह लापता हो गया था। मंगलवार को पोस्टमार्टम हाउस पहुंचकर परिजनों ने शव की शिनाख्त की। बताया कि उसकी शादी तय हो गई थी। 24 अप्रैल को हाथरस बारात जानी थी।