हरदोई: खेत में मिला युवती का शव
- फोटो : amar ujala
हरदोई के बेहन्दर में बीते 24 घंटे से कम समय में जिले में एक और युवती की हत्या कर दी गई। हरपालपुर थानाक्षेत्र में बुधवार देर शाम एक युवकी की हत्या कर दी गई थी। देर रात तक कासिमपुर थाना क्षेत्र के किठवा खेड़ा मजरा सरेहरी गांव में एक युवती की हत्या कर दी गई। उसका अर्ध नग्नावस्था में शव गांव में ही सरसों के एक खेत में पड़ा मिला है। युवती की हत्या गला घोटकर और चेहरे व सिर पर भारी वस्तु से प्रहार कर की गई है।
ग्रामीणों ने युवती की दुष्कर्म के बाद हत्या किए जाने की आशंका जताई है। फिलहाल थाना पुलिस ने घटनास्थल पर मिले एक मोबाइल फोन को कब्जे में लेकर मामले की तहकीकात शुरू कर दी है। गांव निवासी किसान की इकलौती बेटी ने 12वीं कक्षा तक पढ़ाई की थी। वह बुधवार को देर शाम शौच के लिए खेतों की तरफ गई थी। उसके बाद से वह लापता थी।
परिजनों ने उसकी हर संभावित स्थान पर तलाश की, लेकिन कोई सुराग नहीं लगा। देर रात परिजन प्रतिभा को ढूंढते हुए खेतों की तरफ जा रहे थे। उसी दौरान सरसों के एक खेत में उसका का अर्ध नग्नावस्था में शव पड़ा देख परिजन चीख पड़े। शोर सुनकर आसपास व गांव के तमाम लोग वहां पहुंच गए। घटना की सूचना पाकर एसपी अजय कुमार, एएसपी पूर्वी और सीओ संड़ीला ने मौके पर पहुंचकर जांच की। फोरेंसिक टीम ने साक्ष्य जुटाए।
पुलिस को युवती के शव के पास ही प्लास्टिक का एक डिब्बा व मोबाइल फोन पड़ा मिला है। पुलिस ने मोबाइल फोन को कब्जे में ले लिया है। परिजनों व ग्रामीणों के मुताबिक युवती के गले पर रस्सी से गला घोटे जाने व सिर व चेहरे पर भारी वस्तु से प्रहार किए जाने के निशान हैं। उसका जबड़ा भी टूटा है। युवती की शरीर व कपड़ों की हालत देख दुष्कर्म की आशंका जताई गई है। एसपी ने बताया कि युवती के परिजनों की तहरीर पर अज्ञात के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज किया गया है। जल्द ही हत्यारोपी को गिरफ्तार कर घटना का पर्दाफाश किया जाएगा।