लालपुर गांव में क्राइम ब्रांच और बिल्हौर पुलिस की टीम ने चोरी व मिलावटी डीजल-पेट्रोल के साथ चार लोगों को पकड़ा है। उनके पास से 700 लीटर पेट्रोल, 1000 लीटर डीजल और दो टैंकर मिले हैं।
क्राइम ब्रांच और बिल्हौर पुलिस की टीम ने शनिवार की शाम लालपुर गांव में एक सुनसान स्थान पर चोरी और मिलावटी डीजल-पेट्रोल के साथ चार लोगों को हिरासत में लिया। मौके से टैंकर के अलावा डीजल-पेट्रोल भरा कई ड्रम व केन मिला है। पुलिस का दावा है कि गिरोह के सदस्य नकली पेट्रोल-डीजल बनाकर किसानों को बेचते थे। इसका गोदाम लालपुर गांव में बना रखा था। पुलिस जब्त किए गए पेट्रोल-डीजल और अन्य पदार्थों की जांच कर रही है। साथ ही पकड़े गए आरोपियों से पूछताछ की जा रही है।
विज्ञापन
एसीपी (साइबर) सुमित सुधाकर के नेतृत्व में क्राइम ब्रांच व बिल्हौर पुलिस ने लालपुर गांव में एक सुनसान स्थान पर छापा मारकर काफी तादाद में नकली डीजल-पेट्रोल पकड़ा। एसीपी सुमित सुधाकर ने बताया कि करीब 700 लीटर पेट्रोल, 1000 लीटर डीजल सहित कई ड्रम, कैन और दो टैंकर भी मिला है। प्राथमिक जांच में नकली व चोरी का डीजल लाकर उसमें कई प्रकार के रसायनों को मिलकर गांवों में खपाने का मामला सामने आया है। नकली पेट्रोल व डीजल बनाने वाले गैंग का संपर्क कन्नौज और बांगरमऊ उन्नाव तक होने के भी साक्ष्य मिले हैं। चार लोगों को हिरासत में लिया गया है, उनके साथ काम कर रहे कई ग्रामीण भी पुलिस हिरासत में हैं, जिनसे पूछताछ की जा रही है।