उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव के लिए प्रत्याशियों ने शुरु की नामांकन प्रक्रिया
- फोटो : अमर उजाला
विधानसभा चुनाव के तीसरे चरण में जिले की 10 सीटों के लिए अधिसूचना जारी होने के साथ मंगलवार से नामांकन प्रक्रिया शुरू हो जाएगी। कोरोना के संक्रमण के चलते प्रत्याशी समेत तीन लोगों को ही नामांकन कक्ष में प्रवेश मिलेगा। इसके अलावा सुविधा एप के जरिये ऑनलाइन भी नामांकन किया जा सकेगा। चुनाव में ऑनलाइन नामांकन प्रक्रिया पहली बार अपनाई गई है।
नामांकन सदर तहसील और एसडीएम कोर्ट में एक फरवरी तक सुबह 11 से दोपहर तीन बजे तक किया जा सकेगा। अधिकारियों ने बताया कि नामांकन प्रक्रिया के दौरान चुनाव आयोग की गाइडलाइन का सख्ती से पालन कराया जाएगा। प्रत्याशी के साथ सिर्फ दो लोग और दो वाहनों को ही नामांकन स्थल तक जाने की अनुमति दी जाएगी। इनके लिए मास्क और सैनिटाइजर अनिवार्य होगा। सभी की थर्मल स्क्रीनिंग भी की जाएगी।
सोमवार को कलक्ट्रेट में बैरिकेडिंग कराने के साथ तैयारियों को अंतिम रूप दे दिया गया। अधिकारियों ने बताया कि सुविधा एप पर ऑनलाइन नामांकन करने के बाद उसकी प्रतिलिपि जमा करने के लिए अपना स्लॉट बुक कर कलक्ट्रेट आना होगा। जिले की 10 सीटों के लिए 10 नामांकन कक्ष तय किए गए हैं। हर सीट के लिए रिटर्निंग अफसर (आरओ) और एआरओ तैनात कर दिए हैं।
ऐसे कर सकेंगे ऑनलाइन नामांकन
प्रत्याशी ऑनलाइन नामांकन करना चाहता है तो वह घर बैठे या किसी कैफे में जाकर सारी प्रक्रिया पूरी कर सकता है। इसके लिए वेब लिंक suvidha.eci.gov.in (सुविधा डॉट ईसीआई डॉट जीओवी डॉट इन) पर जाकर नामांकन पत्र भर सकते हैं। यह प्रक्रिया पूरी कर सभी प्रपत्रों का प्रिंट निकलवाकर प्रारूप एक में नामांकन भर सकते हैं। प्रिंट आउट पर नोटरी की मुहर लगवाने के बाद इसे रिटर्निंग ऑफिसर के सामने दाखिल करना होगा। नामांकन पत्र सबमिट होने के बाद जमानत धनराशि जमा करने के लिए पेमेंट का लिंक मिलेगा। इस पर जाकर ऑनलाइन पेमेंट किया जा सकेगा।