फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

UP Election 2022: इटावा में मतदान को लेकर लोगों में उत्साह, सैफई में मुलायम सिंह के परिवार के सदस्यों ने डाला वोट

Sun, 20 Feb 2022 10:35 AM IST
शिखा पांडेय न्यूज डेस्क, अमर उजाला, इटावा

सार

सैफई के अभिनव विद्यालय में समाजवादी पार्टी के संरक्षक मुलायम सिंह यादव के परिवार के सदस्यों ने वोट डाला। उनके परिवार से सबसे पहले उनके भाई अभयराम यादव ने वोट डाला।
विज्ञापन
1 of 5
सैफई में मतदान करने पहुंचे शिवपाल यादव, अखिलेश-डिंपल और मुलायम सिंह - फोटो : अमर उजाला
उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव के तीसरे चरण में इटावा जिले की तीनों सीटों पर मतदान चल रहा है। मतदान को लेकर लोगों में खासा उत्साह है। बूथों पर सुबह से ही लंबी लाइनें लग गईं हैं। वोट डालने के लिए युवा, बुजुर्ग, महिलाओं में होड़ लगी हुई है।

तीसरे चरण में इटावा जिले की तीन सीटें जसवंतनगर, इटावा सदर और भरथना सुरक्षित सीट पर शांतिपूर्ण मतदान चल रहा है। अभी तक जिले में किसी भी प्रकार की गड़बड़ी की सूचना नहीं आई है। सभी बूथों पर सुरक्षा के कड़े प्रबंध किए गए हैं।

जिला निर्वाचन अधिकारी श्रुति सिंह और एसएसपी जयप्रकाश सिंह ने सुबह से ही कई बूथों का निरीक्षण करके सुरक्षा और अन्य व्यवस्थाओं का जायजा लिया। इटावा जिले की जसवंतनगर सीट से मुलायम सिंह यादव के भाई और प्रगतिशील समाजवादी पार्टी लोहिया के राष्ट्रीय अध्यक्ष शिवपाल सिंह यादव चुनाव लड़ रहे हैं। उनके सामने भारतीय जनता पार्टी के विवेक शाक्य चुनाव लड़ रहे हैं। इस सीट पर ग्रामीण क्षेत्र में सुबह से ही मतदान के लिए बूथों पर लंबी लाइनें लगीं हुईं हैं। लोगों में मतदान के लिए खासा उत्साह है।
विज्ञापन

2 of 5
पूर्व सांसद तेज प्रताप यादव और उनकी पत्नी राजलक्ष्मी वोट डालने पहुंचीं - फोटो : अमर उजाला
भरथना सुरक्षित सीट पर भी मतदान के लिए लोग सुबह से ही लाइन में लगे हुए हैं। इसके अलावा बकेवर, महेवा, चकरनगर में सुबह से ही लंबी लाइनें लगी हुई हैं। हालांकि ग्रामीण क्षेत्र में लोग थोड़ा देर से मतदान के लिए निकल रहे हैं। सुबह के पहले घंटे में मतदान धीमी गति से हुआ। लेकिन 8 बजे के बाद मतदान में तेजी दिखाई दे रही है। पूर्व सांसद तेज प्रताप यादव और उनकी पत्नी राजलक्ष्मी भी वोट डालने पहुंचीं। 
विज्ञापन

3 of 5
वोट डालने पहुंचे रामगोपाल यादव - फोटो : अमर उजाला

मुलायम सिंह के परिवार के सदस्यों ने डाला वोट

सैफई के अभिनव विद्यालय में समाजवादी पार्टी के संरक्षक मुलायम सिंह यादव के परिवार के सदस्यों ने वोट डाला। उनके परिवार से सबसे पहले उनके भाई अभयराम यादव ने वोट डाला। उन्होंने मतदान के बाद कहा कि वे किसानों के मुद्दे पर वोट डालकर आए हैं और प्रदेश में अखिलेश यादव की सरकार आ रही है। अभयराम यादव के बाद राज्यसभा सांसद रामगोपाल यादव ने मतदान किया। उनके बाद शिवपाल सिंह यादव और उनके बेटे आदित्य यादव ने मतदान किया। उससे पहले सैफई के प्रधान रामफल बाल्मीकि और उनकी पत्नी शांति देवी ने वोट डाला। इसी बूथ पर प्रोफेसर रामगोपाल यादव के बड़े भाई चेतराम यादव और छोटे भाई ने वोट डाला। वहीं कई साल बाद राम गोपाल यादव और शिवपाल यादव एक साथ दिखे।

4 of 5
सैफई में वोट डालने पहुंचे शिवपाल यादव - फोटो : अमर उजाला
चौथे चरण में मिल जाएगा बहुमत : राज्यसभा सांसद रामगोपाल यादव अभिनव विद्यालय बूथ पर वोट डालने के बाद पत्रकारों से बात करते हुए कहा कि समाजवादी पार्टी को चौथे चरण में ही बहुमत मिल जाएगा। उन्होंने कहा कि समाजवादी पार्टी पहले तीन चरणों में बहुत आगे चल रही है। रामगोपाल ने कहा कि करहल से अखिलेश यादव डेढ़ लाख से भी अधिक मतों से जीतेंगे। उन्होंने कहा कि भाजपा उम्मीदवार की वहां से जमानत जब्त हो जाएगी।

नेताजी का आशीर्वाद हमारे साथ : शिवपाल

जसवंतनगर सीट से सपा गठबंधन के उम्मीदवार शिवपाल सिंह यादव ने कहा कि प्रदेश में अखिलेश यादव की सरकार बनने जा रही है। उन्होंने कहा कि उनके ऊपर नेताजी मुलायम सिंह यादव का आशीर्वाद है। बोले कि सपा करहल और जसवंतनगर से रिकार्ड वोटों से जीत रही है।
विज्ञापन
विज्ञापन

5 of 5
सैफई में अखिलेश और डिंपल मतदान करने पहुंचे - फोटो : अमर उजाला
सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव अपनी पत्नी एवं कन्नौज की पूर्व सांसद डिंपल यादव के साथ मतदान करने सैफई केंद्र पर पहुंचे। उनके साथ बदायूं के पूर्व सांसद धर्मेंद्र यादव एवं इटावा जिला पंचायत अध्यक्ष अंशुल यादव वोट डालने पहुंचे। सैफई में मुलायम सिंह यादव भी मतदान करने पहुंचे।

वोट डालने नहीं पहुंचे प्रतीक, अपर्णा और साधना
एक तरफ तो सैफई परिवार के अधिकतर सदस्य वोट डालने के लिए पहुंचे। लेकिन मुलायम सिंह यादव की छोटी बहू अपर्णा यादव, उनके छोटे बेटे प्रतीक यादव और साधना गुप्ता वोट डालने नहीं पहुंचीं। अपर्णा यादव हाल ही में भारतीय जनता पार्टी में शामिल हो गईं थीं।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें