वाेटिंग के बाद स्याही अाैर वाेटर अाईडी कार्ड दिखाते मतदाता
उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव 2017 के तीसरे फेज में रविवार को 12 जिलों की 69 सीटों पर 61.16% वोटिंग हुई। इस बार पिछली बार से 1.19% ज्यादा वोट पड़े हैं। 2012 में इन्हीं 12 जिलों की 69 सीटों पर 59.97% मतदान हुआ था। सैफई में मुलायम समेत उनका पूरा परिवार (पत्नी साधना, अखिलेश, शिवपाल, प्रतीक, डिंपल अपर्णा) वोट डालने पहुंचा। इस दौरान मुलायम ने दावा किया, "पूरे प्रदेश में सपा को ही बहुमत है।" सैफई, शिवपाल यादव की जसवंत नगर सीट में ही आता है। तीसरे फेज में कुल 826 कैंडिडेट्स की किस्मत का फैसला होना है। बता दें कि 2012 के विधानसभा चुनाव में इन 69 सीटों में से 55 सीटों पर सपा के कैंडिडेट जीते थे।
चुनाव आयोग ने शांतिपूर्ण ढंग से चुनाव कराने के लिए 61 सामान्य ऑब्जर्वर तैनात किए हैं। संवेदनशील मतदान केंद्रों की वीडियोग्राफी व वेब कास्टिंग कराई जाएगी। निगरानी के लिए 3,123 डिजिटल व 1,411 वीडियो कैमरे लगाए गए हैं। 2,200 मतदान केंद्रों की वेब कास्टिंग होगी।