उरई के गुटखा कारोबारी संजीव कुमार गोहन के उरई स्थित मकान, गोदाम और कानपुर देहात में रनियां स्थित फैक्ट्री में शुक्रवार को डायरेक्टर ऑफ रेवेन्यू इंटेलीजेंस (डीआरआई) लखनऊ की 10 टीमों ने एक साथ छापा मारा।
उरई स्थित बंद मकान और गोदामों के तालों की चाबी न मिलने पर कटर से उन्हें कटवाने के बाद जांच-पड़ताल की गई। टीमों को प्रारंभिक जांच में बड़े पैमाने पर कर चोरी के सुबूत मिले हैं। देर रात तक छानबीन चलती रही। दस्तावेज, लैपटॉप और मोबाइल जब्त किए हैं।
टीम ने मैनेजर को हिरासत में लिया है। गुटखा कारोबारी बुंदेलखंड में राज गुटखा ब्रांड बड़े पैमाने पर सप्लाई कर रहा था। कोतवाली क्षेत्र के मोहल्ला तुलसीनगर निवासी गुटखा कारोबारी के अलग-अलग आवासों में सुबह छापा मारा गया। क्षेत्र में उनके कई मकान और गोदाम हैं।
सूत्रों ने बताया कि कारोबारी के यहां लगी मशीनों, बिलों व खाली रैपरों पर बड़े पैमाने पर हेरफेर के सुबूत मिले हैं। अलग-अलग टीमों ने अजनारी रोड स्थित प्रतिष्ठान पर भी कार्रवाई की। इसके बाद दोपहर में टीमें रनियां स्थित फैक्ट्री पहुंचीं।