पंजाब में अपहरण के बाद हत्या करके फरार हुए दो आरोपियों को सोमवार सुबह कानपुर पुलिस ने धर दबोचा। कानपुर सेंट्रल के प्लेटफॉर्म नंबर 5 से रेलबाजार और कलक्टरगंज पुलिस ने कार्यवाही की है। जीआरपी इंस्पेक्टर ने आरोपियों की गिरफ्तारी की पुष्टि की है। वरिष्ठ अफसरों के प्रयासों के बाद किडनैपर्स पुलिस के हत्थे चढ़े हैं। हत्या के बाद हत्यारों ने पंजाब में शव दफना दिया था। इसके बाद ट्रेन के जरिए बिहार भागने की फिराक में थे। आरोपी का नाम राकेश यादव है और वह दिल्ली के वैशाली का रहने वाला है।
पंजाब लुधियाना माछीवाड़ा साहिब में नितीश कुमार (18) का अपहरण के बाद हत्या कर फरार हुए शत्रुघन कुमार व साथी राकेश कुमार को कलक्टरगंज पुलिस ने जीआरपी के साथ मिल कर सेंट्रल स्टेशन से गिरफ्तार किया है। पंजाब पुलिस दोनों की कस्टडी लेने के लिए कलक्टरगंज थाने पहुंची है। दोनों वैशाली बिहार के रहने वाले हैं और वहीं भागने की फिराक में थे।
इकलौते बेटे को छोड़ने के लिए 5 लाख रुपये की फिरौती मांगी थी। पंजाब में निजी फैक्टरी में काम करने वाले पिता प्रमोद कुमार ने किसी तरह व्यवस्था कर आरोपियों के खाते में 25 हजार रुपये डाले थे। पंजाब पुलिस ने सर्विलांस टीम की मदद से आरोपियों की लोकेशन पता करने के बाद कानपुर पुलिस से संपर्क किया था। अभी भी पूछताछ जारी है।