‘ विकास मॉडल का सब्जबाग दिखाकर सत्ता में आई भाजपा मुद्दों से हट गई है। अब वह धार्मिक एवं सांस्कृतिक कट्टरवादी एजेंडे पर बढ़ रही है। इससे संविधानवाद की भावना पर सीधी चोट हो रही है।’
ये बातें प्रदेश कांग्रेस कमेटी के प्रवक्ता प्रो. सतीश कुमार राय ने सोमवार को तिलक हाल में मीडिया से बातचीत में कही। यह डीएवी कॉलेज में आयोजित एक व्याख्यान में शामिल होने आए थे।
प्रो. सतीश कुमार राय ने कहा कि गणतंत्र दिवस पर केंद्र सरकार की ओर से जारी विज्ञापन में यह बात और साफ हो गई है कि संविधान की प्रस्तावना से सेकुलर एवं सोशलिस्ट शब्द हटाकर प्रकाशन कराया गया।
यह संविधानवाद पर खुला प्रहार है। संविधान के सेकुलर ताने-बाने को नष्ट करने की नीयत भी इससे बेनकाब हो गई है। इसके इतर देश और उत्तर प्रदेश का किसान इस साल तबाही के हालात में है।
धान की कटी फसल उसके दरवाजे पर अटी पड़ी है। समर्थन मूल्य तो दूर उससे कम रेट पर भी कोई खरीदने को तैयार नहीं। यही नहीं भाजपा घर वापसी के नाम पर धर्मांतरण को बढ़ावा दे रही है।
वह इसके लिए कानून बनाने की फिराक में भी है। इन सभी मुद्दों को लेकर कांग्रेस अब उत्तर प्रदेश में चरणबद्ध तरीके से आंदोलन करेगी। इसके लिए पहले चरण में जनमत तैयार करने का काम शुरू हो गया है।
प्रेस कांफ्रेस, जनसभा, बैठक, संगोष्ठी में जनमत तैयार होगा। इसके बाद सत्याग्रह और निर्णायक आंदोलन होगा। इसमें कांग्रेस की राजीव गांधी स्टडी सर्किल विंग को भी जोड़ा गया है। इस मौके पर शहर अध्यक्ष हर प्रकाश अग्निहोत्री एवं वरिष्ठ कांग्रेसी नरेश मिश्र भी मौजूद रहे।