टॉवर पर चढ़े युवक को उतारा गया
- फोटो : अमर उजाला
शिवराजपुर के बिरैचामऊ गांव में मंगलवार की शाम लगभग चार बजे कैंसर पीड़ित युवक एचटी लाइन के टॉवर पर चढ़ गया। ग्रामीणों से सूचना मिलने पर विद्युत विभाग के अधिकारी, पुलिस व फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची। करीब तीन घंटे की मानमनौव्वल के बाद इलाज में आर्थिक मदद का भरोसा देकर उसे सकुशल नीचे उतारा गया।
बिरैचामऊ गांव निवासी शिवकुमार (30) कई महीने से कैंसर से पीड़ित है। शिवराजपुर थानाध्यक्ष अमित सिंह ने बताया कि आर्थिक अभाव में ठीक से इलाज न होने से दुखी शिवकुमार मंगलवार की शाम एचटी लाइन के टॉवर पर चढ़ गया। ग्रामीणों की सूचना पर विद्युत विभाग के अधिकारी, पुलिस व फायर ब्रिगेड की कई गाड़ियां मौके पर पहुंची। करीब तीन घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद मानमनौव्वल कर इलाज में आर्थिक मदद का भरोसा देकर करीब 7:30 बजे नीचे उतार लिया गया। पावर ग्रिड के जनरल मैनेजर जग विजय सिंह व डीजीएम मोहम्मद अशरफ भी मौके पर पहुंचे। उधर, भाई रामविलास ने बताया कि शिवकुमार खेतीबाड़ी कर गुजर बसर करता है। कैंसर रोग हो जाने से वह मानसिक और आर्थिक रूप से परेशान है।