घाटमपुर उपचुनाव में भाजपा ने एक बार फिर से जीत हासिल की। भाजपा के उपेंद्र नाथ पासवान को 60405 वोट मिले हैं। उन्होेंने अपने निकटतम प्रतिद्वंद्वी कांग्रेस प्रत्याशी डॉ. कृपाशंकर को 23820 मतों से परास्त किया।
कांग्रेस को 36585 वोट मिले। तीसरे स्थान पर बहुजन समाज पार्टी के प्रत्याशी कुलदीप संखवार रहे। उन्हेें 33955 वोट मिले। सपा के इंद्रजीत कोरी 22735 वोटों के साथ चौथे स्थान पर रहे।
प्रदेश सरकार में कैबिनेट मंत्री रहीं कमलरानी वरुण के निधन से खाली हुई घाटमपुर की सीट पर हुए उप चुनाव की मतगणना मंगलवार को हुई। कुल 36 राउंड की मतगणना हुई। पहले राउंड में तो बसपा सबसे आगे रही। इसके बाद दूसरे राउंड से आखिरी राउंड तक भाजपा ने बढ़त बनाकर रखी।
32वें राउंड तक बसपा दूसरे नंबर पर रही लेकिन 33वें राउंड से दूसरे स्थान पर कांग्रेस ने कब्जा कर लिया और आखिर तक भाजपा की मुख्य प्रतिद्वंद्वी पार्टी बनी रही। इससे पहले वाले चुनाव में भाजपा की मुख्य प्रतिद्वंद्वी के रूप में बसपा थी। कांग्रेस को चौथा स्थान मिला था। पिछले चुनाव में भाजपा को 92776 और बसपा को 47598 वोट हासिल हुए थे।