फिल्मों के मामले में भी उत्तर प्रदेश तेजी से विकास कर रहा है। इसका जीता जागता उदाहरण है यूपी को सर्वश्रेष्ठ फिल्म नीति के लिए इंडीवुड फिल्म कार्नीवाल में इंटरनेशनल बिजनेस अवार्ड-2016 मिलना। शनिवार की देर शाम तेलांगना के रामोजी फिल्म सिटी में रंगारंग कार्यक्रम के बीच यह अवार्ड उत्तर प्रदेश फिल्म विकास परिषद के उपाध्यक्ष गौरव द्विवेदी को दिया गया।
फिल्मी कलाकारों ने भी सराहना की
कार्नीवाल में बॉलीवुड, हॉलीवुड के कलाकार, निर्माता और निर्देशक भी मौजूद रहें। सभी ने एक स्वर में यूपी की फिल्म नीतियों को लाजवाब बताया। कहा, ऐसी ही नीतियां देश के अन्य प्रदेशों में भी रहे तो फिल्म जगत काफी तेजी से विकास कर पाएगा।
इंडीवुड फिल्म कार्नीवाल काे संबाेधित करते गाैरव द्विवेदी
कार्नीवाल के मुख्य अतिथि सिनेमेटोग्राफी मंत्री श्रीनिवास यादव रहे। उन्होंने भी प्रदेश की फिल्म नीति की सराहना की। उन्होंने कहा, कि यूपी ने फिल्मी दुनिया में अपना अलग मुकाम अपनी अच्छी नीतियों के चलते ही बनाया है। यूपी फिल्म विकास परिषद के उपाध्यक्ष गौरव द्विवेदी ने प्रदेश में फिल्म विकास की नीतियों को साझा किया। बताया कि फिल्म इंडस्ट्री को प्रदेश में बढ़ावा देने से प्रदेश के युवाओं को रोजगार के अवसर भी प्राप्त हो रहे हैं। यह सबकुछ प्रदेश के युवा मुख्यमंत्री अखिलेश यादव की देन है।