उनका इकलौता बेटा आशुतोष भी कारोबार में हाथ बंटाता था। परिवार के मुताबिक करीब सात साल पहले उसकी शादी हरियाणा के फरीदाबाद निवासी यामिनी से हुई थी और उनकी छह साल की बेटी भी है। पिता का कहना है कि शादी के बाद से ही बेटा मानसिक तनाव में रहने लगा था और पिछले एक साल से काम पर भी कम ध्यान दे रहा था। गुरुवार रात करीब 11:30 बजे आशुतोष ने परिजनों को एक वीडियो और कीटनाशक की शीशी की तस्वीर भेजी थी। इसके बाद शुक्रवार सुबह पुलिस से सूचना मिली कि उसका शव उन्नाव के बक्सर घाट पर मिला है।
मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। प्रारंभिक जांच में मौत का कारण स्पष्ट नहीं हो सका, इसलिए विसरा सुरक्षित किया गया है। मृतक के पिता ने बताया कि बेटे ने वीडियो में पत्नी के आचरण पर सवाल उठाए थे और पत्नी के भाइयों द्वारा धमकी दिए जाने की बात कही थी। घटना के बाद परिवार में शोक का माहौल है। पुलिस का कहना है कि परिजनों की तहरीर के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी और सभी पहलुओं की जांच की जा रही है।