उन्नाव-हरदोई मार्ग उम्मरखेड़ा गांव के सामने हुई घटना के बाद जाम लगाए लोग
- फोटो : अमर उजाला
उन्नाव जिले में मूंगफली की फसल की रखवाली कर शाम को घर लौट रही महिला की सड़क पार करते समय अज्ञात वाहन की टक्कर से मौत हो गई। गुस्साए परिजनाें व ग्रामीणों ने उन्नाव-हरदोई मार्ग पर जाम लगा दिया। बेटे ने सपा नेता के काफिले से मां की मौत होने का आरोप लगा तहरीर दी।
पुलिस ने कार्रवाई का आश्वासन देकर मामला शांत कराया। इस दौरान हरदोई मार्ग एक घंटे जाम रहा। रात दस बजे मृतका के पति ने बेटे की तहरीर को खारिज करते हुए अज्ञात वाहन से टक्कर होने की बात लिखवाई।
गांव हफीजाबाद निवासी सुरजादेई (50) सोमवार को उम्मरखेड़ा गांव के पास स्थित खेत में मूंगफली की फसल की रखवाली करने गई थी। शाम 6 बजे पैदल घर लौट रही थी। उन्नाव-हरदोई मार्ग पर सड़क पार करते समय सफीपुर से बांगरमऊ की ओर जा रहे वाहन की टक्कर से सुरजादेई की मौत हो गई। सूचना पर बेटे गोविंद, नरेंद्र व पति सुरेश गौतम सहित ग्रामीण पहुंच गए।