भारी सुरक्षा के बीच उन्नाव कोर्ट पहुंचा दुष्कर्म पीड़िता का चाचा (फाइल फोटो)
- फोटो : अमर उजाला
कुलदीप सेंगर प्रकरण में दुष्कर्म पीड़िता के चाचा की शुक्रवार को विभिन्न न्यायालयों में विचाराधीन छह मुकदमों में पेशी हुई। दिल्ली पुलिस सुबह दस बजे आरोपी चाचा को तिहाड़ जेल से जिला न्यायालय लाई। वकीलों के कार्य बहिष्कार पर होने से सीजेएम के न्यायालय में चल रहे सफेदा प्रकरण मामले की सुनवाई की अगली तारीख पेशी 24 फरवरी व अन्य मामलों की सुनवाई के लिए 28 फरवरी तय की गई है।
दुष्कर्म पीड़िता के चाचा के छह मुकदमों की सुनवाई के लिए आरोपी चाचा को तिहाड़ जेल से जिला सत्र न्यायालय लाया गया। एडीजे षष्ठ के न्यायालय में विचाराधीन विधायक पक्ष की ओर से दर्ज कराए गए प्राण घातक हमले के मामले में सुनवाई होनी थी। लेकिन न्यायाधीश के स्थानांतरण चलते सुनवाई नहीं हो सकी।
अगली पेशी तारीख के लिए 28 फरवरी दी गई। सीजेएम विराट सक्सेना के न्यायालय में चल रहे न्यायिक अभिलेखों में सफेदा (व्हाइटनर) लगाने के प्रकरण मामले में वकीलों की हड़ताल के सुनवाई नहीं हुई और अगली तारीख 24 फरवरी लगा दी गई। वहीं एसीजेएम तृतीय प्रमोद कुमार के न्यायायल में विचाराधीन पीड़िता के उम्र संबंधी फर्जी प्रपत्र देने के मामले के साथ इसी न्यायालय में सीबीआई के गवाह की मौत के बाद उसे जहर देकर मारने की झूठी सूचना देकर पुलिस को कब्र खुदवाने के मामले व फर्जी टीसी मामले में सुनवाई नहीं हो सकी।