जोरदार टक्कर से उड़े बोलेरो के परखच्चे
नरेंद्र के मुताबिक बोलेरो में उनकी पत्नी गीता(50), बेटा सूरज, उसकी पत्नी मांसी उर्फ भारती (32), पौत्र शुभ, बेटी सुनीता (35) पत्नी दुर्गेश सिंह उसकी बेटी गौरी(12) निवासी शीर्ष थाना निगोहा लखनऊ, नरेंद्र की भाभी बिटान (52) पत्नी गुलाब सिंह, बिटान की बेटी बिहार थानाक्षेत्र के मलौना निवासी ज्योति (33) पत्नी गुलाब सिंह, पड़ोसी अर्चना (52) पत्नी राजू बाजपेई बैठे थे। गाड़ी रामधनी (50) चला रहे थे। मंदिर पहुंचने के बाद सभी ने गंगा में स्नान किया, फिर मुंडन कराया गया। सुबह करीब 9:30 बजे मुंडन कराकर सभी गाड़ी से घर लौट रहे थे। सुमेरपुर-बक्सर मार्ग पर कीरतपुर गांव के पास खरहीपुल के अंधे मोड़ में तेज रफ्तार बोलेरो के चालक ने आगे चल रहे डंपर को ओवरटेक किया तो सामने भी डंपर देख चालक ने ब्रेक लगाई, तभी पीछे वाला डंपर बोलेरो में भिड़ा और बोलेरो आगे वाले डंपर में टकराने के बाद पलट गई। सामने से दूसरा डंपर देख टक्कर मारने वाले डंपर के चालक ने ब्रेक लगाई तो वह भी अनियंत्रित होकर उसी बोलेरो पर पलट गया। हादसे के बाद दोनों डंपरों के चालक मौके से भाग निकले। आसपास लोगों की भीड़ लग गई और पुलिस को सूचना दी। सीओ मधुपनाथ मिश्र और एसओ पुलिस फोर्स के साथ मौके पर पहुंचे।
बोलेरो पर डंपर पड़ा होने से उसमें दबे लोगों को निकलता न देख कटर वाले को बुलवाया, कटर से डंपर और बोलेरो का कुछ हिस्सा काटकर सभी को गाड़ियों से बाहर निकालकर स्वास्थ्य केंद्र भिजवाया गया। डॉक्टर ने गीता, सुनीता, बिटान, ज्योति को मृत घोषित कर दिया। अन्य घायलों को जिला अस्पताल रेफर किया गया। जिला अस्पताल लाने तक अर्चना और रामधनी की भी मौत हो गई। घायलों में सूरज, उनकी पत्नी मांसी उर्फ भारती, बेटे शुभ के साथ भांजी गौरी, भांजे आनंद का इलाज हुआ। सूरज की हालत गंभीर देख जिला अस्पताल रेफर किया गया है।
बिहार थानाध्यक्ष राहुल सिंह ने बताया कि अंधा मोड़ और ओवर स्पीड घटना का कारण बना। हादसे में छह लोगों की मौत हुई है। चार लोग घायल हुए हैं। घायलों में एक को जिला अस्पताल से कानपुर हैलट रेफर किया गया है। अन्य घायलों का उपचार चल रहा है। तहरीर आने पर प्राथमिकी दर्ज की जाएगी।