छत्रपति शाहूजी महाराज यूनिवर्सिटी का पहला पूर्व छात्र सम्मेलन 16 नवंबर को प्रस्तावित है। सम्मेलन में विश्वविद्यालय के पूर्व छात्र राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद को भी आमंत्रित किया गया है। उनकी मंजूरी मिलते ही तिथि की आधिकारिक घोषणा कर दी जाएगी।
सम्मेलन में देश विदेश में रह रहे पूर्व छात्र भी शिरकत करेंगे। यूनिवर्सिटी ने फरवरी 2019 में पूर्व छात्र संगठन का गठन किया था। यूनिवर्सिटी के स्थापना दिवस समारोह (फरवरी में) के दौरान पूर्व छात्र संगठन से जुड़े कुछ छात्रों के साथ औपचारिक रूप से इसकी शुरुआत हो गई थी।
इसके बाद पूर्व छात्रों को जोड़ने का काम शुरू हुआ। अब अधिकारिक रूप से पहला पूर्व छात्र सम्मेलन होने जा रहा है। संयोजक डॉ. सिधांशु राय ने बताया कि राष्ट्रपति को पत्र भेजा जा चुका है। उनकी स्वीकृति का इंतजार है। हालांकि विश्वविद्यालय ने 16 नवंबर के हिसाब से तैयारियां शुरू कर दी हैं।