कोरोना वैक्सीन को भाजपाई दवा बताकर उसका विरोध करने के बयान को लेकर सपा प्रमुख अखिलेश यादव चारों ओर से घिर गए हैं। उनके बयान की सभी पार्टियों ने निंदा की। अखिलेश यादव का बयान आते ही जनपद की सांसद और केंद्रीय राज्यमंत्री साध्वी निरंजन ज्योति ने सोशल मीडिया पर अपना एक वीडियो जारी किया।
जिसमें उन्होंने अखिलेश यादव की आलोचना की। सांसद साध्वी ने कहा कि उन्हें तरस आ रहा है कि किस तरह से सपा के मुखिया बयानबाजी कर रहे हैं। वैज्ञानिक किसी दल के नहीं होते। भाजपा की वैक्सीन नहीं लगाने की बात सपा कह रही है।
उन्होंने संक्रमण ग्रसित होने के बाद अस्पताल में रहकर जाना कि किस तरह से आठ-आठ घंटे तक स्वास्थ्य कर्मी बिना पानी पीये सेवा कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि इस बयान को सपा प्रमुख वापस लें। मेरा मानना है कि वैज्ञानिक या फिर जवान किसी दल के नहीं होते हैं।
वैक्सीन बनाने वाले वैज्ञानिकों का अभिनंदन होना चाहिए ना कि उनकी काबिलियत को सियासत से जोड़ना चाहिए। सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष ने जो बयान दिया है। उससे साफ पता चलता है कि उनकी मानसिकता कितनी स्वस्थ है।