अब पासपोर्ट बनवाने के लिए झांसी और कानपुर की दौड़ नहीं लगानी पड़ेगी। बार-बार डेट पर जाने का झंझट से भी राहत मिल गई है। शुक्रवार से जिले में पासपोर्ट सेवा शुरू कर दी गई है। इससे लोगों को काफी राहत है, खासतौर पर हर साल 40 से 50 के करीब हज को जाने वाले हजयात्रियों, विदेशों में पढ़ाई के लिए तैयारी कर रहे छात्रों और कारोबार के सिलसिले में जाने वलो कारोबारियों को इससे बड़ी सहूलियत मिलेगी।
विदेश मंत्रालय एवं भारतीय डाक विभाग की ओर से शुरू हुए पोस्ट ऑफिस पासपोर्ट सेवा केंद्र का शुक्रवार को केंद्रीय राज्यमंत्री भानुप्रताप वर्मा ने फीता काटकर उद्घाटन किया। इस केंद्र की लंबे अरसे से मांग की जा रही है। इस सेवा केंद्र पर शुक्रवार से कार्य प्रारंभ हो गया । पासपोर्ट केंद्र के लिए कई सालों से मांग की जा रही थी। तत्कालीन डीएम चांदनी सिंह के पति कनिष्क शर्मा लखनऊ में क्षेत्रीय पासपोर्ट अधिकारी हैं, उनकी पहल से इस काम में तेजी आई। केंद्रीय राज्यमंत्री भानुप्रताप वर्मा ने कहा कि पासपोर्ट केंद्र खुलने से जिले के लोगों को सौगात मिली है। अब लोगों को झांसी, कानपुर, लखनऊ तक की दूरी नापनी नहीं पड़ेगी। ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन और निर्धारित फीस देने के बाद इस केंद्र पर आकर औपचारिकता पूरी करनी होगी। इसके बाद 15 से 20 दिन में पासपोर्ट बन जाएगा।
सदर विधायक गौरीशंकर वर्मा ने कहा कि अब क्षेत्र के लोगों को पासपोर्ट के लिए कहीं बाहर नहीं जाना पड़ेगा बल्कि उनका काम अब यहीं उनके ही शहर में होगा। क्षेत्रीय पासपोर्ट अधिकारी कनिष्क शर्मा ने बताया कि आप पासपोर्ट की अधिकृत वेबसाइट के माध्यम से ऑनलाइन अपॉइंटमेंट ले सकते हैं। आभार प्रवर डाक अधीक्षक झांसी मंडल बीके पांडेय ने व्यक्त किया।
इस दौरान बृजभूषण सिंह मुन्नू, सहायक अधीक्षक डाकघर अमिताभ पांडेय, पोस्टमास्टर पीएन मिश्रा, आरबी अवस्थी, अश्विनी, अशोक,अक्षय शुक्ला,अर्पित पाठक,रवि कुमार, मिथलेश व्यास, दिनेश झा, नवनीत पिपरैया, सत्यपाल सिंह, अजय शुक्ला, आशीष देव, संतोष, संजीव कुशवाहा, लोकेश प्रजापति, रवि,हेमंत शुक्ला, सुनील त्रिवेदी, मनोज यादव, इसरार अंसारी, शिवांश सोनी, प्रवीण बाजपेई, अंकित, अर्पिता सिंह, पुष्पा, कौशिकी शास्त्री, प्रियंका आदि मौजूद रहे।