इटावा। मध्यप्रदेश के भिंड एक निजी कार्यक्रम में शामिल होने जा रहे भाजपा के कानपुर-बुंदेलखंड के क्षेत्रीय उपाध्यक्ष शिवमहेश दुबे की कार का टायर दीनापुर गांव के पास फट गया। इससे कार अनियंत्रित होकर पुलिया से टकरा गई। हादसे में कार का एयरबैग न खुलने से शिवमहेश दुबे गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें ग्वालियर मेडिकल कॉलेज ले जाया गया। यहां हालत में सुधार न होने पर परिजन गुरुग्राम के निजी अस्पताल ले गए।
शिवमहेश दुबे के बेटे आयुष दुबे ने बताया कि पिता और माता पूर्व ब्लॉक प्रमुख मंजुला दुबे एक निजी कार्यक्रम में शामिल होने के लिए दोपहर में घर से निकले थे। कार पिता ही चला रहे थे। इस बीच रास्ते में दीनापुर गांव के पास कार का अगला पहिया अचानक फट गया। इससे कार अनियंत्रित होकर पुलिया से टकरा गई। कार पूरी तरह क्षतिग्रस्त होने के साथ चालक की तरफ का एयरबैग न खुलने से पिता शिवमहेश दुबे गंभीर रूप से घायल हो गए। उनके हाथ में गंभीर चोट आई है। वहीं मां की तरफ का एयरबैग खुल गया था। ऐसे में वह मामूली रूप से चोटिल हुई हैं। उन्हें ग्वालियर मेडिकल कॉलेज लेकर आए थे। उपचार दिलाया है। यहां से बेहतर उपचार के लिए गुरुग्राम के निजी अस्पताल ले जा रहे हैं।