पुखरायां। मजदूरी करने के लिए दूसरे प्रांत जाने के लिए बस पकड़ने के लिए जा रहे मजदूरों का ऑटो नोनापुर मोड़ के पास अनियंत्रित होकर आगे चल रही ट्रैक्टर-ट्रॉली से भिड़ गया। हादसे में चालक की मौत हो गई। जबकि पांच गंभीर रूप से घायल हो गए। पुलिस ने घायलों को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती करवाया है।
कानपुर नगर के घाटमपुर थाना क्षेत्र के पतारी निवासी सलीम (45) पुत्र मोहम्मद हुसैन, रहीश (30) पुत्र अब्दुल, आशीष (25) पुत्र राजू, इश्तियाक (18) पुत्र अली मोहम्मद, निसार (25) पुत्र जर्रा केरल में मजदूरी करने के लिए बुधवार सुबह घर से निकले थे। भदरसा से ऑटो बुक करके भोगनीपुर जाने के दौरान नोनोपुर मोड़ के पास ऑटो अनियंत्रित होकर आगे चल रही ट्रैक्टर-ट्रॉली से भिड़ गया। हादसे में ऑटो चालक शहंशाह (22) पुत्र निसार निवासी भदरसा सहित छह लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।
सूचना पर पहुंची पुलिस घायलों को सीएचसी पुखरायां ले गई। वहां डॉ. अनूप सचान ने शहंशाह को मृत घोषित कर दिया। शेष पांचों घायलों को मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया। जानकारी पर सीएचसी आए शहंशाह के पिता निसार, मां बानो, भाई समीर रो-रोकर बेहाल हो गए। घायलों ने बताया कि आर्थिक तंगी के चलते वह लोग केरल में मजदूरी करने के लिए निकले थे। उन्हें भोगनीपुर से बस से झांसी पहुंचना था। वहां से वह लोग ट्रेन से केरल जाने का सफर तय करते मगर रास्ते में ही हादसा हो गया। इससे उनकी मुसीबतें बढ़ गईं हैं। थाना प्रभारी अंजन कुमार सिंह ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। परिजन की ओर से तहरीर मिलने पर रिपोर्ट दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी।