चाचा और भतीजे की मौत बनकर आया बेकाबू ट्रक एक ही झटके में दोनों के ऊपर से होकर गुजर गया। यह नजारा देख आसपास मौजूद लोगों की आंखे खुली की खुली रह गई। ट्रक वाले को जैसे- तैसे पकड़ने की कोशिश की गई, मगर वो ट्रक छोड़कर भाग निकला।
जानकारी के मुताबिक बिठूर के बैकुंठपुर निवासी शाकिर अली सब्जी के थोक विक्रेता हैं। घर पर दो बहनें, पत्नी रानी समेत चार बेटे हैं। शाकिर का तीसरे नंबर का बेटा शाहरुख (18) भी सब्जी का काम करता था।
वहीं, पड़ोस में ही शाहरुख के रिश्ते के चाचा बिल्लू (20) अपने पिता जाबिर और मां गुल्लन के साथ रहता था। मंगलवार तड़के शाहरुख और बिल्लू व्यापार के सिलसिले में चकरपुर मंडी गए थे।
सुबह तकरीबन 7:30 बजे दोनों बाइक से वापस घर लौट रहे थे। भौतीं ब्रिज से उतरते ही पांडू नदी के पुल पर पीछे से आ रहे तेज रफ्तार एलपीजी सिलेंडर से भरे ट्रक ने दोनों को कुचल दिया। इससे दोनों की मौत हो गई। बाइक चला रहा बिल्लू ने हेलमेट नहीं लगाया था।