कानपुर देहात। भाई बहन के अटूट प्रेम और विश्वास का त्योहार रक्षाबंधन रविवार को हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। भाई की कलाई पर राखी बांधकर बहनों ने उनसे अपनी रक्षा का वचन लिया। भाइयों ने भी बहनों को धन और उपहार दिए। सुबह 5:50 से शाम 6:30 बजे तक राखी बांधने के लिए शुभ मुहूर्त रहा। इससे सड़कों पर खूब चहल पहल दिखाई पड़ी।
घरों में रक्षाबंधन की तैयारी हफ्तेभर पहले से ही शुरू हो गई थी। बहनें राखी तो भाई तोहफे खरीदने में व्यस्त रहे। जो महिलाएं ससुराल में थी वे एक दिन पहले या रविवार सुबह ही भाई के पास पहुंच गईं। जो नहीं आ सकीं उनके पास भाई पहुंचे। सुबह सज संवर कर बहनों ने भाई के माथे पर तिलक लगा कर उनकी आरती उतारी। राखी बांध कर मिठाई खिलाई। भाइयों ने बहन को तोहफे के साथ जीवनभर रक्षा का वचन दिया।
हर घर में तरह-तरह के पकवान बनाए गए। राखी बांधने का सिलसिला पूरा दिन चला। हर भाई के माथे पर तिलक और हाथ में राखी नजर आई। घरों में जश्न का माहौल रहा। कुछ घरों में महिलाओं ने सुबह मंदिर जाकर भगवान को राखी चढ़ाई। इसके बाद ही दूसरा काम शुरू किया। रक्षाबंधन के चलते सड़कों पर मेले जैसा नजारा रहा।
राखी और मिठाई की दुकानों पर पूरे दिन भीड़ दिखी। हालांकि महंगाई का असर बाजार पर भी दिखा। अधिसंख्य लोगों ने रस्म पूरी करने के लिए ही खरीदारी की। रसूलाबाद के आजाद चौक पर इंस्पेक्टर प्रमोद शुक्ला को युवतियों व महिलाओं ने राखी बांधी। इंस्पेक्टर ने बहनों को मिठाई व रुपये दिए।
मिठाई खरीदने उमड़े लोग, दुकानदारों ने बढ़ाए दाम
कानपुर देहात। रक्षाबंधन से रविवार का लॉकडाउन खत्म हो गया। इससे बाजारों में खूब भीड़ उमड़ी। मिठाई की दुकानों पर जमकर खरीदारी हुई। इसमें भी दूध की बर्फी, मिल्क केक, भुजिया पेड़ा की मांग अधिक रही। गजनेर के दुकानदार आनंद ने बताया कि मिठाई की बिक्री खूब हुई है। रामदुलारे ने कहा कि मिल्क केक काफी पंसद किया गया है।
कस्बे की राखी व मिठाई की दुकानों में पूरे दिन भीड़ लगी रही। अकबरपुर में ओवर ब्रिज चौराहे के आसपास मिठाई की दुकानें सजी रहीं। यहां दुकानदारों ने छेना, रसगुल्ला के डिब्बा पैक कर सजाए। इनकी बिक्री जमकर हुई। बेसन व बूंदी के लड्डू भी खूब बिके। आम दिनों की अपेक्षा त्योहार पर मिठाई के दाम काफी बढ़ा दिए गए। (संवाद)
जेल में बहनों ने भाइयों को बांधी राखी
माती स्थित जिला कारागार में बहनों ने भाइयों को राखी बांधी। जिन बहनों ने आरटीपीसीआर जांच कराई थी उन बहनों को अंदर जाकर भाइयों को राखी बांधने का मौका दिया गया। वहीं जिन बहनों ने जांच नहीं कराई थी उन्हें लिफाफा उपलब्ध कराए गए।
उसमें बहनों ने राखी व रोचना सामग्री भरकर भाइयों तक पहुंचाया। वहीं जेल में त्योहार के चलते बंदियों व कैदियों को पूड़ी, सब्जी, मिठाई खिलाई गई। जेलर केके सिंह ने बताया कि राखी बांधने के लिए आने वाली बहनों को नियमानुसार पूरा सहयोग किया गया है। (संवाद)
वाहन चालकों ने लोगों से वसूला मनमाना किराया
त्योहार के चलते आटो व टेंपो चालकों ने खूब मनमानी की। सुबह से ही सवारियां निकलने लगीं। भीड़ अधिक होने पर जरा ही देर में सवारियां भरकर आटो फर्राटा भरते दिखे। वहीं गजनेर रोड नबीपुर में सड़क तक दुकानें सजी होने पर दिन में कई बार जाम की स्थिति रही। यहां पुलिस नजर नहीं आई।
रूरा में क्रॉसिंग बंद होने से दिन में कई बार जाम लगा। हर कोई जल्दी में था इससे लोगों को असुविधा उठानी पड़ी। वहीं झींझक में क्रॉसिंग के पास जाम की समस्या से लोगों को जूझना पड़ा। हालांकि सीएनजी व रोडवेज की बसों में बहनों को यात्रा के लिए किराया नहीं देना पड़ा। इसको लेकर सरकारी बसों में भीड़ रही। (संवाद)