Hamirpur News: रौरौ गांव के दो युवकों की चेकडैम में डूबकर दर्दनाक मौत हो गई। घटना से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा है।
हमीरपुर जिले में राठ कोतवाली के रौरौ गांव में दो युवकों की विरमा नदी रपटा में बह जाने से मौत हो गई। दोनों खेतों से पानी निकालने जा रहे थे। सूचना पर पहुंची पुलिस ने दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। युवकों की मौत से गांव में मातम छा गया है।
विज्ञापन
रौरौ गांव निवासी धर्मराज राजपूत (32) और ज्ञानसिंह श्रीवास (30) गुरुवार सुबह करीब आठ बजे खेतों को देखने के लिए गए थे। तभी चेकडैम से निकलते समय दोनों रपटे में बह गए। युवकों को पानी में उतराता देख ग्रामीणों ने बाहर निकालकर सीएचसी पहुंचाया।
यहां चिकित्सक सतेंद्र यादव ने दोनों को मृत घोषित कर दिया। धर्मराज के पिता जयसिंह के नाम पर 50 बीघा जमीन थी। वहीं, ज्ञानसिंह के पिता ख्यालीराम के पास पांच एकड़ जमीन थी। मृतक अपने परिवार के साथ खेती करते थे। युवकों की मौत पर परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।