फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

हरदोई: आशीर्वाद समारोह से छह लाख के जेवरों से भरा बैग लेकर फरार हुए दो युवक

Wed, 04 Dec 2019 07:44 PM IST
शिखा पांडेय न्यूज डेस्क, अमर उजाला, हरदोई
विज्ञापन
रंगोली मंडप में घटना के बारे में जानकारी लेते मंडी चौकी प्रभारी राहुल सिसौदिया - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन
हरदोई कोतवाली क्षेत्र अंतर्गत सरकुलर रोड पर स्थित एक मैरिज लॉन में आयोजित रिसेप्शन समारोह से दो युवक उपहार में मिले जेवरों और नकदी से भरे दो बैग उठाकर फरार हो गए।
विज्ञापन


समारोह में मौजूद लोगों ने युवकों का पीछा किया और कुछ दूरी पर बाइक पलटने पर दोनों को पकड़ लिया, लेकिन रुपयों और जेवरों से भरे बैग लेकर दूसरी बाइक पर सवार उनका तीसरा साथी फरार होने में सफल रहा। पकड़े गए दोनों युवकों से पुलिस पूछताछ कर रही है। मैरिज लॉन के सीसीटीवी कैमरा में संदिग्धों की तस्वीर कैद हो गई है।

जिला चिकित्सालय के चीफ फार्मासिस्ट जयनरायण तिवारी के पुत्र चंद्रशेखर तिवारी इलाहाबाद बैंक में लखनऊ में तैनात हैं। बीती 30 नवंबर को उनका विवाह लखनऊ में ही हुआ था। मंगलवार को शहर के सरकुलर रोड पर स्थित रंगोली मंडप में रिसेप्शन समारोह था।

समारोह में देर रात लगभग 11 बजे अधिकांश मेहमान जाने के बाद परिवार के ही कुछ लोग स्टेज पर मौजूद थे। वहीं पास में उपहार में मिले जेवरों और नकदी से भरा बैग रखा हुआ था। अचानक दो युवक स्टेज के पास पहुंचे और वहीं सब कुछ देखते रहे।

अचानक इनमें से एक युवक ने उपहारों और नकदी से भरे दोनों बैग उठाकर दौड़ लगा दी तो उसका साथी भी पीछे से भाग निकला। अचानक हुई इस घटना को देखकर चंद्रशेखर के परिजन व परिचित बाहर की तरफ दौड़े, लेकिन तब तक आरोपियों ने बाइक पर खड़े तीसरे युवक को बैग थमा दिए।

इसके बाद बैग लेकर एक युवक अलग बाइक से व दो युवक एक बाइक से मौके से भाग निकले। समारोह में आए परिचितों और रिश्तेदारों ने पीछा किया तो रफी अहमद किदवई चौराहा के निकट बाइक अनियंत्रित होकर पलट गई और दो लोग मौके से पकड़ लिए गए।
विज्ञापन

घटना की जानकारी 112 पर दी गई तो पुलिस टीम मौके पर पहुंच गई और पकड़े गए लोगों को हिरासत में ले लिया। जयनरायण तिवारी के मुताबिक दोनों बैग में लगभग पांच-छह लाख रुपये के जेवर हैं। नकदी के बारे में स्पष्ट जानकारी नहीं है। शहर कोतवाल शैलेंद्र श्रीवास्तव ने बताया कि मामला संज्ञान में है और जांच की जा रही है।

मंडी चौकी प्रभारी राहुल सिंह को मौके पर भेजकर जांच कराई गई है। रंगोली मंडप में सीसीटीवी कैमरे में संदिग्धों की तस्वीर मिली है, लेकिन अभी स्पष्ट तौर पर कुछ नहीं कहा जा सकता। पकड़े गए दोनों युवकों से पूछताछ की जा रही है। दोनों युवक शहर कोतवाली क्षेत्र के रद्धेपुरवा और सुभाषनगर के रहने वाले हैं।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें