बांदा जिले में एक समाजसेवी संगठन से जुड़ीं दो महिलाओं ने शुक्रवार को पुलिस अधीक्षक कार्यालय में आकर संगठन के सचिव पर यौन शोषण समेत कई गंभीर आरोप लगाए हैं। दोनों महिलाओं ने संगठन के पदाधिकारी के खिलाफ शिकायत करते हुए एफआईआर दर्ज कराने की मांग की है। उधर, शिकायत की प्रतियां राष्ट्रपति, प्रधानमंत्री, मुख्यमंत्री, महिला आयोग, राष्ट्रीय मानवाधिकार आयोग, डीआईजी व पुलिस अधीक्षक को भी सौंपी है।
चित्रकूट की मूल निवासी व नरैनी कोतवाली क्षेत्र के एक गांव निवासी महिला ने पुलिस अधीक्षक को सौंपे पत्र में बताया कि जिले में संचालित एक समाजसेवी संगठन में वह सामुदायिक कार्यकर्ता के रूप में काम करती थीं। उसी दौरान संगठन के सचिव ने उसके साथ शारीरिक संबंध बनाएं। इस काम में उनका सहयोग संगठन की संयोजिका भी करती रहीं। सचिव ने इसका फायदा उठाकर उसके नाम से एक सामाजिक कार्यकर्ता के खिलाफ छेड़छाड़ का मुकदमा भी दर्ज कराया था, जो फर्जी था।