डेरापुर/रूरा। खल्ला में स्कूल के पास लगा ट्रांसफार्मर शुक्रवार सुबह फुंक गया। करीब 150 घरों की बिजली गुल है। इधर रूरा के गहलौं में टीपू मोहल्ले में दो दिन से ट्रांसफार्मर फुंका है। इससे करीब 100 घरों में पेयजल किल्लत से लोग जूझ रहे हैं।
खल्ला में प्राथमिक स्कूल के पास 100 केवी ट्रांसफार्मर लगा है। इससे करीब 150 घरों को बिजली आपूर्ति होती है। शुक्रवार सुबह धमाके संग ट्रांसफार्मर फुंक गया। सोनी स्वर्णकार, बब्लू, हरिओम शुक्ला, अनामिका द्विवेदी, अनिल पांडेय आदि ने बताया कि सुबह 6 बजे ट्रांसफार्मर फुंक गया। सबमर्सिबल पंप नहीं चलने से दूर लगे हैंडपंप से पानी भरकर लाना पड़ रहा है। कूलर-पंखे ठप होने से पसीना बह रहा है। जेई तापस रंजन ने बताया कि वर्कशॉप में सूचना दी गई है।
इधर रूरा उपकेंद्र से जुड़े गहलौं के टीपू मोहल्ले में लगा 63 केवी दो दिन से फुंका है। सूचना के बाद भी ट्रांसफार्मर बदला नहीं जा सका है। इसकी वजह से करीब 100 घरों की बिजली गुल है। सचिन, हर्ष गुप्ता, कमलेश ने बताया कि बुधवार की रात 12 बजे ट्रांसफार्मर फुंक गया। जेई नीतिल उपाध्याय ने बताया कि वर्कशॉप में सूचना दी गई है। शनिवार को ट्रांसफार्मर बदले जाने की उम्मीद है।
.................
रूरा में बिजली किल्लत बरकरार, मलासा में केबल जली
कानपुर देहात। गर्मी में जरूरत पर निर्बाध बिजली आपूर्ति नहीं हो पा रही है। कहीं ट्रांसफार्मर में खराबी है तो कहीं केबल जलने से बिजली ठप है। इससे लोगों को परेशानी हो रही है।
रूरा में कॉलेज फार्म के पास रखे 250 केवी ट्रांसफार्मर से करीब 300 घरों में बिजली आपूर्ति होती है। सोमवार रात खरपतवार में आग लगने से केबलें जल गई थीं। 10 घंटे बाद दूसरे दिन केबल दुरुस्त कर बिजली आपूर्ति बहाल की गई। गुुरुवार रात 9:30 बजे दोबारा केबल जल गई। बिजली गुल होने पर लोगों की नींद में खलल पड़ा। दूसरी केबल लगाकर दो घंटे बाद बिजली आपूर्ति बहाल की गई। इधर टेलीफोन एक्सचेंज के पास लगा 25 केवी ट्रांसफार्मर रविवार को फुंक गया था।
मंगलवार रात वर्कशॉप से ट्रांसफार्मर भेजा गया। मगर बुधवार को दोपहर बाद इसे लगाया जा सका। तेल गर्म पर ट्रांसफार्मर पर लोड रखा गया तो बमुश्किल एक घंटे की बिजली चली। इसके बाद ट्रांसफार्मर में तकनीकी खामी आ गई। गुरुवार को फिर से ट्रांसफार्मर बदला गया। मगर एक फेज नहीं देने से 50 घरों की बिजली गुल रही।
अमर सिंह, दयानारायण आदि ने बताया कि रविवार से बिजली आपूर्ति बेपटरी है। एसडीओ वैशाली ने बताया कि बदले गए ट्रांसफार्मर में तकनीकी खामी से समस्या है। समाधान का प्रयास किया जा रहा है। वहीं, सिंगरसीपुर उपकेंद्र से जुड़े मलासा में शुक्रवार दोपहर एबीसी केबल में आग लग गई। लपट उठती देख लोगों ने उपकेंद्र में सूचना देकर बिजली आपूर्ति बंद कराई। करीब दो घंटे बाद केबल दुरुस्त कर बिजली आपूर्ति बहाल की जा सकी।