इटावा/सैफई। दो उप डाकपालों ने धोखाधड़ी कर 28 खाताधारकों के आठ लाख रुपये हड़प लिए। शिकायत के बाद जांच में दोषी पाए जाने पर दोनों को विभाग से निलंबित कर दिया गया। डाक निरीक्षक की तहरीर पर पुलिस रिपोर्ट दर्ज करके आरोपियों की तलाश में जुट गई है।
भरथना उपमंडल डाक निरीक्षक परवेज अहमद ने सैफई थाने में तहरीर दी है। बताया कि भरथना शाखा के डाकपाल के पद पर काम करते हुए शैलेंद्र कुमार निवासी महावीर नगर थाना भरथना ने खाता धारकों के साथ धोखाधड़ी की। खाताधारकों ने जब इसकी शिकायत की तो जांच में पता चला कि खातों में जमा करने के लिए आई नकदी खाता धारकों से प्राप्त की गई। पासबुकों में मोहर लगाकर जमा की पुष्टि भी की गई, लेकिन शैलेंद्र कुमार ने जमा रकम को सरकारी हिसाब में शामिल नहीं किया।
इस तरह 12 खातों से करीब साढ़े चार लाख रुपये का गबन फर्जी विभागीय दस्तावेज व डाक विभाग की मोहरों का दुरुपयोग कर किया है। वहीं, सैफई क्षेत्र के परासना डाकघर के कार्यवाहक डाकपाल बृज किशोर निवासी परासना ने भी 16 खातों से इसी तरह लगभग साढ़े तीन लाख रुपये सरकारी हिसाब में जमा नहीं किए।
जांच में दोषी पाए जाने पर दोनों को निलंबित कर दिया। इसके बाद से दोनों आरोपी फरार हो गए। प्रभारी निरीक्षक राकेश कुमार शर्मा ने बताया कि डाक निरीक्षक की तहरीर पर रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए दबिश दी जा रही है।