कन्नौज। पंजाब नेशनल बैंक में दस लाख रुपये की चोरी कर फुर्र हो जाने वाले दोनों बदमाश पुलिस से दो कदम आगे चल रहे हैं। पुलिस की हर चाल की इन्हें भनक लग रही है। यह पुलिस के एक्शन में आने से पहले जगह बदल देते हैं। 15 दिन में अब तक यह छह जिले बदल चुके हैं। पिछले दिन पुलिस इनकी लोकेशन ट्रेस कर बलिया पहुंची। दोनों यहां से भी फुर्र हो गए।
शहर के सरायमीरा की पंजाब नेशनल बैंक शाखा में चोर चार सितंबर की दोपहर दस लाख रुपये चुरा ले गए थे। कैशियर के काउंटर के भीतर से रुपयों की पॉलिथीन पार कर दी गई थी। सीसीटीवी फुटेज मिलने के 15 दिन बाद भी पुलिस के हाथ खाली हैं। पुलिस सीसीटीवी फुटेज के आधार पर चोरी की वारदात में दो युवकों को सीधे तौर पर शामिल मान रही है। इनकी तलाश में अब तक वह सात-से आठ जिलों की खाक छान चुकी है। हजारों मोबाइल नंबर चेक किए हैं। कुछ संदिग्धों को सर्विलांस पर लगाया गया। नतीजा सिफर है। शुरुआती दौर में पुलिस की टीमें फर्रुखाबाद में एक बैंक शाखा में हुई चोरी को इसी तर्ज पर होना मानकर वहां सबूत खंगाल रही थीं। कुछ खास हासिल नहीं हुआ।
सूत्रों के मुताबिक पुलिस को चोरों की बदलती लोकेशन परेशान कर रही है। दोनों बदमाश अब तक आधा दर्जन से अधिक जिलाें में लोकेशन बदल चुके हैं। यह हर चार से छह घंटे में लोकेशन बदल देते हैं। इनकी लोकेशन पहले फर्रुखाबाद, फिर हरदोई, इसके बाद इटावा, औरैया, कानपुर, उन्नाव होते हुए वाराणसी मिली। घटना के खुलासे में लगी एक टीम वाराणसी पहुंची। तब तक दोनों कहीं और खिसक गए। अब इनकी अंतिम लोकेशन बलिया जिले में मिली है। इससे टीम बलिया भेजी गई। उसे खाली हाथ लौटना पड़ा। दोनों शातिर वहां से कहीं और खिसक गए।
वहीं एसपी प्रशांत वर्मा का कहना है कि चोरी का खुलासा करने के लिए चार टीमें लगी हैं। कुछ क्लू मिले हैं। संदिग्ध बार-बार लोकेशन बदल रहे हैं। पुलिस इस मामले का जल्द खुलासा कर देगी। इनकी गिरफ्तारी होते ही कई अन्य घटनाओं का खुलासा होने की भी उम्मीद है।